
भीषण हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका
बाड़मेर। बाड़मेर-जैसलमेर हाईवे पर मंगलवार दोपहर हरसाणी फांटा के पास पिकअप और कार की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में पति-पत्नी, उनके मासूम बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
यह वीडियो भी देखें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के साथ जोरदार धमाका हुआ और कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची ग्रामीण थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार मृतकों में बाबूराम पुत्र दयाराम, उनकी पत्नी बेबी, पुत्र विवान निवासी झालामलिया (भोपालगढ़, जोधपुर) और वीरेन्द्र पुत्र शिवीनाथ (निवासी उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। सभी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, एएसपी नितेश आर्य मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्रसिंह चांदावत, डीएसटी रमेश शर्मा और मेडिकल अधीक्षक डॉ. हनुमानराम अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाड़मेर डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया कि पिकअप में पेंट (कलर) के डिब्बे और अन्य सामान भरा था। वह बाड़मेर से जैसलमेर की ओर जा रही थी। कार जैसलमेर से बाड़मेर की ओर आ रही थी।
वहीं दूसरी तरफ बाखासर सड़क मार्ग पर कोनरा फांटा के पास एक बाइक को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक सवार युवक धोरीमन्ना से धनाऊ होते हुए चौहटन की तरफ आ रहे थे। हादसे सूचना मिलने पर चौहटन थानाधिकारी ललित किशोर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
Updated on:
14 Apr 2026 07:04 pm
Published on:
14 Apr 2026 04:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
