जानकारी के अनुसार सोमवार को इन महिलाओं ने चोरी करने का प्रयास किया। उन्होंने भीड़ में खड़ी एक महिला के गले से सोने की कंठी चुराई। इस बात की सूचना मिलने पर मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धर दबोचा, लेकिन गैंग की अन्य महिलाएं गायब हो गईं। सुरक्षाकर्मियों के महिलाओं को पुलिस जवानों के सुपुर्द करने पर वे उन्हें लेकर पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने संदेह के आधार पर पकड़ कर लाई गई सावित्री उर्फ सुमित्रा (58) पत्नी रोहिताश और मुन्नीदेवी पत्नी सुरेश बावरी निवासी पूर्ण नगर चमनपुरा निवासी कोटपुतली जिला जयपुर से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। उनसे और पूछताछ करने के लिए पुलिस ने उन्हें मंगलवार को भी पुलिस थाना में बैठाए रखा। वहीं इनकी सुरक्षा के लिए यहां कुछ जवानों को तैनात किया गया, लेकिन मंगलवार देर रात करीब 3.45 बजे ये दोनों महिलाएं मौके का फायदा उठा कर भाग छूटीं। पुलिस के जवानों ने सुबह उन्हें नहीं देखा तो उनके होश उड़ गए। यह बात फैलने पर थानाधिकारी व पुलिस अधिकारियों के लिए जवाब देना मुश्किल हो गया। मामले की गंभीरता के मददेनजर पुलिस उच्चाधिकारियों ने रात्रि ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल महेंद्रसिंह ,संतरी पार्वती देवी व हुक्माराम को सस्पेंड किया।