दिलीप दवे बाड़मेर. जिले में अभी भी एक लाख विद्यार्थी सिलाई नहीं करवा पा रहे हैं। क्योंकि जनाधार से उनका बैंक खाता अपडेट नहीं है जिस पर राशि स्वीकृति के बावजूद उनके खाते में जमा नहीं हो पाई है। जिले के 112916 विद्यार्थी जनाधार सत्यापन के चक्कर में सिलाई राशि का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से दो यूनिफॉर्म नि:शुल्क दी जा रही है। ड्रेस का कपड़ा स्कूल प्रबंधन के मार्फत बच्चों को मिल गया है तो सिलाई की राशि दो सौ रुपए संबंधित विद्यार्थियों के खाते में जमा होनी है। इसमें जनाधार का बैंक खाते के साथ अपडेशन जरूरी है, लेकिन जिले में जनाधार सत्यापन नहीं होने से 112916 विद्यार्थी सिलाई की राशि से वंचित है। इन्हें शिक्षा विभाग ने यूनिफॉर्म का कपड़ा तो वितरित कर दिया है, लेकिन सिलाई के लिए सरकार से 200 रुपए की राशि नहीं मिल पाएगी। गौरतलब है कि सिलाई की राशि उन्हीं बच्चों को दी जाएगी, जिनके जनाधार का ऑथेंटिकेशन हो चुका है और जनाधार से जुड़े खातों में सीधे राशि आएगी।