विभाग की ओर से जारी तबादला सूची में क्रमांक 13 पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम को बीसीएमओ सिणधरी के पद से सीएमएचओ बालोतरा लगाया है तो क्रमांक 16 पर राजकीय नाहटा चिकित्सालय बालोतरा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी का पदस्थापन भी सीएमएचओ के पद पर कर दिया गया है। राजकीय नाहटा चिकित्सालय को बालोतरा के बजाय जोधपुर लिखा गया है। बालोतरा के डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. भैरूसिंह का अन्यत्र कहीं पर तबादला नहीं हुआ है, लेकिन इसी पद पर सीएचसी मोहनगढ़ (जैसलमेर) से डॉ. पुखराज को भी बालोतरा डिप्टी सीएमएचओ लगा दिया है। इसी तरह, बाड़मेर सीएमएचओ डॉ. चन्द्रशेखर गजराज का वर्तमान पदस्थापन प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर दर्शाते हुए उन्हें सीएमएचओ बाड़मेर के पद पर लगा दिया है, जबकि डाॅ. चन्द्रशेखर गजराज वर्तमान में भी बाड़मेर सीएमएचओ ही है। बाड़मेर सीएमएचओ के पद पर डाॅ. चन्द्रशेखर गजराज के अलावा क्रमांक 20 पर राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर में पदस्थापित डॉ. संजीव कुमार मित्तल को भी बाड़मेर सीएमएचओ के पद पर लगा दिया है।