तेज म्यूजिक पर धमाल, झंकार-ताल और दिलकश आवाज के जादू के साथ गूंजती सुर लहरियां और थिरकते र्नइ पीढ़ी के बाड़मेराइट्स, जोश, जुनून और आसमान में सितारों की बारात। बाड़मेर का न्यूनतम पारा 8 डिग्री और झूमने व नाचने वालों का न्यू ईयर जोश 100 डिग्री रहा। यह था शनिवार रात का नजारा। यहां वीकएंड की रात 12 बजते ही कुछ लम्हों के लिए बंद की गई लाइट्स नया साल 2023 आते ही फिर जगमगा उठीं। हर तरफ खुशियों के माहौल मे चहकते लोगों ने एक दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहा। बाहर से आ कर रहे सरकारी और प्राइवेट फर्म के अफसरों, डिफेंस व बीएसएफ परिवारों और बाड़मेराइट्स ने अपने अपने ग्रुप में अपने अंदाज में नया साल मनाया। इधर शहर के होटल और रेस्तरां,गेस्ट हाउस व पॉश कॉलोनियों में भी म्यूजिक और डान्स की मस्ती में डूबे नजर आए। न्यू ईयर की उमंग में झूमते युवाओं और कपल्स के कदम थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे। न्यू ईयर वेलकम प्रोगाम के साथ कलाकारों ने रॉक बैंड व आर्केस्ट्रा पर बॉलीवुड, हॉलीवुड, पॉप,जैज, रैप रिद्म फोक और फ्यूजन म्यूजिक पर डान्स से धमचक मचाई। वहीं मोबाइल पर मित्रों-परिचितों और रिश्तेदारों को एसएमएस, फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप, टेलीग्राम, स्काइप, वीडियो कॅालिंग और फूल, बुके, मिठाइयां, ड्राई फ्रूट व तोहफे दे कर भी न्यू ईयर का स्वागत किया।