
बाड़मेर। पाकिस्तान ने सिंध क्षेत्र पर अतिरिक्त ध्यान देना शुरू कर दिया है। वीरान पड़े इस इलाके में रेल चलने के साथ रेस्टोरेंट के निर्माण हो रहे है। इधर हाल ही में बॉर्डर पर जीरो लाइन के पास में एक निर्माण पाकिस्तान ने हाल ही में किया है। पाकिस्तान इसे टॉयलेट बता रहा है तो भारत का ऐतराज है कि यह टॉयलेट नहीं बंकर है। सीमा के 150 मीटर के दायरे में नियमानुसार इसका निर्माण नहीं किया जा सकता लेकिन पाकिस्तान मान नहीं रहा।
पाकिस्तान सिंध प्रांत की सीमा को लेकर लंबे समय तक ध्यान नहीं दे रहा था। 2019 में थार एक्सप्रेस बंद होने के बाद तो जीरो लाइन के रेलवे स्टेशन पर भी यदा-कदा पाकिस्तानी रेंजर्स नजर आते थे। बीते दिनों से यकायक पाकिस्तान ने सीमा के इस ओर सक्रियता बढ़ा दी है। पाक की टूरिस्ट रेल आने के बाद पता चला कि इस वीराने इलाके में टूरिस्ट को रोकने के लिए पाकिस्तान ने आलीशान रेस्टोरेंट बनाए है, हालांकि ये रेस्टोरेंट काफी अंदर तक है।
पाकिस्तान रेंजर्स और बीएसएफ की अब एक और फ्लैग मीटिंग कमांडेंट स्तर की होगी, इसमें फिर इस मुद्दे को लेकर भारत कड़ा ऐतराज जताएगा। जीरो लाइन के निकट निर्माण कार्य को बीएसएफ गंभीरता से ले रहा है।
मुनाबाव के सामने जीरो लाइन से 150 मीटर की सीमा में पाकिस्तान ने एक निर्माण प्रारंभ किया है। यह निर्माण जीरो लाइन के इतना नजदीक है कि भारत की सीमा क्षेत्र की गतिविधि साफ नजर आती है। इस निर्माण के प्रारंभ होते ही बीएसएफ ने ऐतराज किया। बीएसएफ ने पाकिस्तान को आपत्ति दर्ज करवाई कि यह बंकर का निर्माण हो रहा है। पाकिस्तान इससे मुकर गया और बताया कि यह तो टॉयलेट है।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि 150 मीटर के भीतर कोई भी निर्माण नहीं हो सकता है। बीएसएफ को इसकी जानकारी देना भी पार्क रैंजर्स के लिए जरूरी है। इसको लेकर कंपनी कमांडर स्तर की फ्लैग मीटिंग में भी ऐतराज किया लेकिन पाकिस्तान ने निर्माण कार्य बंद नहीं किया है।
हमने पाकिस्तान से फ्लैग मीटिंग में ऐतराज किया है। यह निर्माण एकदम गलत हुआ है। जीरो लाइन के 150 मीटर के दायरे में है, ऐसा पाकिस्तान नहीं कर सकता है। एक और फ्लैग मीटिंग होगी।
-राजकुमार बसाटा, डीआइजी बीएसएफ
यह भी पढ़ें
Updated on:
25 Feb 2025, 9:01 AM IST
Published on:
25 Feb 2025, 9:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.