बाड़मेर. थार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिले में कई स्थानों पर बादल झूमकर बरसे। बाड़मेर में रात करीब 8 बजे तेज हवा के साथ बरसात शुरू हुई। करीब 25 मिनट तक पानी बरसा। इसके बाद भी हल्की बारिश जारी रही। बारिश से काफी दिनों से गर्मी और उमस से बेहाल आमजन को राहत मिली है। मौसम विभाग ने 22 जुलाई तक भारी बरसात, वज्रपात की चेतावनी जारी की है। यलो अलर्ट के चलते जिले में कई स्थानों पर भारी बरसात की आशंका है। इस दौरान तापमान में कमी आएगी। आगामी कुछ दिनों तक बादल-बरसात की गतिविधियां बनी रहेगी।