12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Balotra News : आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, करोड़ों के हिसाब-किताब संग 4 बुकी गिरफ्तार

Balotra News : आईपीएल 2026 सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब संग 4 बुकी को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan IPL 2026 betting network busted Balotra Police arrested 4 bookies with accounts worth crores Rupees

बालोतरा। पुलिस ने सट्टा संचालन का पूरा सेटअप जब्त किया। फोटो पत्रिका

Balotra News : आईपीएल 2026 के दौरान अवैध क्रिकेट सट्टे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बालोतरा पुलिस ने संगठित सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सिटी पार्क के पास एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने 3 लैपटॉप, 33 मोबाइल, एक पियानो अटैची (मोबाइल सेटअप) सहित करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब से जुड़ी सामग्री जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रमेश आईपीएस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह आरपीएस, वृताधिकारी अनिल पुरोहित आरपीएस के सुपरविजन में प्रशिक्षु आरपीएस शिशपालसिंह के नेतृत्व में डीएसटी व पुलिस टीम ने 9-10 अप्रेल की रात को अंजाम दी।

हाईटेक तरीके से चल रहा था सट्टा, बार-बार बदलते थे ठिकाने

पुलिस को 9 अप्रेल की रात विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सिटी पार्क बालोतरा के पास जावेद व उसके साथी आईपीएल 2026 के तहत कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच चल रहे मैच पर संगठित रूप से सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जावेद के किराए के मकान पर योजनाबद्ध दबिश दी। मौके से जावेद, मनीष, असरफ और महेन्द्र को दस्तयाब किया गया तथा उनके कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अत्यंत संगठित और तकनीकी तरीके से सट्टा संचालित कर रहे थे। वे ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप के जरिए ग्राहकों को जोड़ते थे और लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से मैच दिखाकर सट्टा लगवाते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते थे। उनकी गतिविधियों पर पुलिस टीम पिछले एक माह से निगरानी रखे हुए थी।

करोड़ों का हिसाब-किताब जब्त, आरोपियों से पूछताछ जारी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 लैपटॉप, 33 मोबाइल, एक पियानो अटैची (मोबाइल सेटअप), करोड़ों रुपये के हिसाब-किताब की डायरियां, वाई-फाई राउटर, चार्जर सहित अन्य सामग्री जब्त की। आरोपी जावेद खान पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी नीलम सिनेमा हॉल के पीछे, मनीष पुत्र गोपाल, निवासी नयापुरा, असरफ खान पुत्र सफी मोहम्मद, निवासी मूंगड़ा बस स्टैंड के सामने व महेन्द्र कुमार पुत्र खुशालाराम, निवासी हनुवंत कॉलोनी गांधीपुरा बालोतरा के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा पूरे सट्टा नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ और आगे की जांच जारी है। डीएसटी बालोतरा व थाना पचपदरा तथा बालोतरा पुलिस की संयुक्त टीम में पचपदरा थानाधिकारी शिशपालसिंह आरपीएस (प्रशिक्षु), आईदानराम, उदयसिंह (विशेष भूमिका), धमेन्द्रसिंह, शेम्भूराम, मुकेश कुमार, अचलाराम, चैनाराम, अशोक कुमार, पुरखाराम, रघुराज सिंह शामिल रहे।