
बाड़मेर में पुलिस कांस्टेबल की मौत (पत्रिका फोटो)
बाड़मेर: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। खिचड़ी खाते समय अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद परिजन और पड़ोसी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने करीब एक घंटे बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल डूंगराराम (48) पुत्र आसाराम निवासी खड़ीन (हाल शास्त्री नगर, बाड़मेर) शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर पर खिचड़ी खा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि पहली ईसीजी रिपोर्ट सामान्य आई, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। दोबारा जांच के बाद चिकित्सकों ने करीब 11 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। बाद में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डूंगराराम पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। करीब छह महीने पहले उन्हें लकवा हुआ था, जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार कमजोर बना हुआ था। चलने-फिरने में परेशानी के साथ उन्हें अक्सर बुखार और तेज कंपकंपी की शिकायत रहती थी।
परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मौत के वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं और जांच के बाद ही स्थिति सामने आएगी। उन्होंने अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत होने की बात कहते हुए मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, डूंगराराम वर्ष 1998 में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में बाड़मेर पुलिस लाइन में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी शोक व्याप्त है।
Updated on:
03 May 2026 11:13 am
Published on:
03 May 2026 11:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
