बाड़मेर. जिले में छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर कलक्टर व जिला मजिस्ट्रेट शिवप्रसाद मदन नकाते ने आदेश जारी कर बाड़मेर एवं बालोतरा शहर के साथ गुड़ामालानी, शिव, बायतु, चौहटन एवं सिवाना कस्बे में धारा 144 लगाई है। आदेश के मुताबिक जिले में गत वर्षों में छात्र संघ चुनावों में शांति भंग होने की घटनाओं को देखते हुए छात्रसंघ चुनाव-2018 में भी ऐसी आशंका है। इस अवधि के दौरान कोई भी महाविद्यालय परिसर एवं बाड़मेर, बालोतरा शहर, गुड़ामालानी, बायतु, शिव, चौहटन, सिवाना कस्बे में अपने साथ घातक हथियार, लाठी लेकर नहीं घूमेगा। प्रदर्शन एवं किसी जाति, वर्ग को ठेस पहुंचाने वाले नारे अथवा भाषण, उद्बोधन व सभा पर रोक रहेगी। यह आदेश 13 सितंबर तक प्रभावी रहेगा। उल्लेखनीय है कि जिले के सात स्थानों पर 10 सितम्बर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं।