प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अगस्त तक तृतीय श्रेणी शिक्षक मिल जाएंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभागीय सूत्रों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले स्कूलों में रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। इसके लिए जुलाई में दस्तावेज सत्यापन का काम शुरू कर दिया जाएगा। अगस्त तक नियुक्ति दे दी जाएगी। ज्ञात रहे 48 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षक पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2022 राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से फरवरी में आयोजित की गई थी। जिनके परिणाम हाल ही में घोषित किए गए हैं।
कहां कितने लगेंगे शिक्षक- थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती से बाड़मेर जिले को सबसे ज्यादा 3511 शिक्षक मिलेंगे। इसके बाद उदयपुर को 2978 व जयपुर जिले को 2757 अध्यापक मिलेंगे। बूंदी, चूरू, हनुमानगढ़, टोंक, सिरोही, प्रतापगढ़, कोटा, सवाईमाधोपुर, धोलपुर, झालावाड़, जैसलमेर जिले में एक हजार से कम शिक्षकों की नियुक्ति होगी।