
Kidnapping of two-year-old child from Kota
कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र से दो दिन पहले अपहृत डेढ़ साल का मासूम बच्चा सोमवार शाम जैसे ही घरवालों को मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मां ने अपने जिगर के टुकड़े को छाती से लगा लिया। दादा-दादी ने देर तक उसे गले लगाए रखा। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे। बच्चे की सलामती के लिए भूखे-प्यासे रहकर दो दिन से घरवाले भगवान से प्रार्थना कर रहे थे।
बापू बस्ती निवासी कन्हैयालाल मीणा के डेढ़ साल के पुत्र कालू को उनका किराएदार सांगोद के चनावता निवासी धनराज केवट (25) एक जुलाई की शाम अपहरण कर ले गया था। कालू शाम 6 बजे घर के बाहर चबूतरे पर खेल रहा था। तभी धनराज वहां आया और उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। जब बच्चा घर के बाहर नहीं मिला तो परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने धनराज को देखा तो वह भी नहीं मिला। इसके बाद कन्हैयालाल के पिता महावीर मीणा ने तुरंत कुन्हाड़ी थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
उप अधीक्षक शिवभगवान गोदारा ने बताया कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसपी अंशुमान भौमिया ने तुरंत पुलिस टीमें बनाई। उन्हें आरोपित व बालक की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपित के भाई से पूछताछ की।
भवानीमंडी से दबोचा
उप अधीक्षक गोदारा व कुन्हाड़ी थानाधिकारी श्रीचंद सिंह बच्चे के पिता कन्हैयालाल को लेकर आरोपित धनराज के भवानीमंडी की तरफ होने की सूचना पर वहां गए। आरोपित पीपली चौराहे से बस में बैठने की तैयारी में था। पिता ने उसे पहचान लिया। इस पर बस को रोककर आरोपित को पकड़ा और बालक को दस्तयाब किया। इसके बाद उन्हें लेकर शाम को कुन्हाड़ी थाने पहुंचे।
बच्चे को पालना चाहता था
सीआई ने बताया कि धनराज जिस समय बच्चे को लेकर गया, उस समय वह नशे में था। वह बच्चे को लेकर झालावाड़ समेत कई जगह गया। उसे हल्की-फु ल्की खाने की चीजें देता रहा। वह बच्चे को पालने के लालच में चुराकर ले गया था। पुलिस ने 48 घंटे से भी कम समय में बच्चे को सही सलामत दस्तयाब और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को परिवार को सौंप दिया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
3 Jul 2017, 8:15 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़




