
कोटपूतली (जयपुर)। आज आपकों ऐसे रास्ते से अवगत कराते है जिस पर 16 किलोमीटर की दूरी में 19 जगह ऐसा किया हुआ है कि कई बार लोग परेशान हो जाते है। यही नहीं कई बार वाहन चालकों रुपए भी खर्च करने पड़ जाते है। कई बार तो दुर्घटना तक हो जाती है। आओ देखते है कि मामला क्या है...
सीकर-अलवर मार्ग का दोहरीकरण होने के बाद यहां से बानसूर की 16 किलोमीटर की दूरी में 19 स्पीड ब्रेकर बना दिए। लोगों ने जहां मन चाहा वहीं गति अवरोधक बना डाले। तय मानकों के विपरीत जगह-जगह ब्रेकर बनाने से 16 किलोमीटर की दूरी तय करने में काफी समय लग रहा है। वहीं अनचाहे गति अवरोधक पर वाहन चालक के अचानक ब्रेकर लगाने से दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है। इन ब्रेकरों पर कई वाहन भिड़ चुके है।
READ NEWS : जयपुर का एक तहसील कार्यालय ऐसा भी है जहां रिकॉर्ड रखने व लेने जाना पड़ता है तीन किलोमीटर दूर, 9 वर्ष से चल रहा ऐसा...
सरकार की मुख्य जिला सड़क (एमडीआर) योजना में कोटपूतली से किशनगढ़ तक 7 मीटर चौड़ी सड़क, शहर में 10 मीटर चौड़ी सीसी सड़क व 1.5 मीटर पटरी व नाली का निर्माण हुआ था। इसके निर्माण के बाद लोगों ने मर्जी से बिजली के पोल डालकर गति अवरोधक बना दिए। इनकी ऊंचाई अधिक होने से कई चौपहिया वाहनों के इंजन ब्रेकर से टकरा जाते है और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाता है। जिससे वाहन मालिक को नुकसान होता है। ब्रेकर के दिखाई नहीं देने पर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहे वाहन से भी टक्कर हो जाती है।
रात को नहीं देते दिखाई
सड़क पर बने अवैध गति अवरोधक पर कोलतार डालने से इनका रंग काला होने से रात के समय ब्रेकर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते है। कई ब्रेकरों पर तो नुकीले पत्थर बाहर निकले हुए है। इन पर टायर के चढ़ते ही पंक्चर होने की आशंका रहती है। इन ब्रेकरों के आस-पास कोई संकेतक नहीं होने से पता नहीं चल पाता है। इनमें से यहां पुराने चुंगी नाके से पहले धर्म कांटे के पास बने दो ब्रेकर तो पुराने है लेकिन इन पर भी सफेद रंग पुतवाने व इनको मानकों के अनुसार ठीक कराने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। ब्रेकर बनाने पर कोई रोक-टोक नहीं होने से बनाने वालों के हौसले बुलन्द है।
यहां बने है ब्रेकर
शहर में बानसूर रोड पर धर्मकांटे के सामने सीसीरोड, बटेरी मोड़, कांकरिया बस स्टैण्ड, दौलतसिंह की ढाणी, नई सड़क, बानसूर पुलिस थाने के सामने, सुभाष चौक के समीप, बायपास के पास 2-2 व चतुर्भुज में तीन ब्रेकर बने हुए है। इनमें से कोई भी ब्रेकर तय मानकों के अनुसार नहीं है। सभी ब्रेकर ग्रामीणों की ओर से सुविधानुसार बनाए गए है।
स्पीड ब्रेकर के मानक
राजमार्ग सहित मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर का प्रावधान ही नहीं है। यदि घनी आबादी क्षेत्र में विशेष जरूरत होने पर कहीं गति अवरोधक सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से बनाया जाता है तो इसकी निश्चित चौड़ाई व ऊंचाई होती है। ब्रेकर से पहले संकेतक बोर्ड लगाए जाते है। इनसे वाहन की गति धीमी हो जाती है और वाहन में किसी तरह का नुकसान नहीं होता है। गति अवरोधक पर सफेद रंग की पट्टी बनाई जाती है।
उप मार्गों पर ब्रेकर बनाने का प्रावधान
सार्वजनिक निर्माण विभाग के तय मानकों के अनुसार मुख्य मार्गों से जुड़े उप मार्गों पर ब्रेकर बनाने का प्रावधान है। उप मार्ग से मुख्य मार्ग पर चढऩे से 50 मीटर पहले की दूरी पर बे्रकर बनाए जाते है। ताकि वाहन के मुख्य मार्ग पर चढ़ते समय वाहन की गति नियंत्रण में रहे। इसके लिए तय मानकों के अनुसार ही गति अवरोधक बनाए जाते है।
इनका कहना है
मुख्य मार्गों पर बने अवैध ब्रेकरों को हटाने के दौरान ग्रामीणों का विरोध होने से इनको हटाने में परेशानी होती है। बानसूर मार्ग पर जहां कहीं भी सड़क दुर्घटना हुई वहीं लोगों ने ब्रेकर बना दिए। नियमानुसार स्पीड ब्रेकर कलक्टर के आदेश से बनते है। बानसूर मार्ग की सड़क आरएसआरडीसी के अधीन होने से इस मामले में सानिवि का सीधे कोई हस्तक्षेप नहीं है।
बीएल सिंघल सहायक अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग कोटपूतली
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
31 Mar 2018, 6:02 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़




