17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एक-डेढ़ रुपए किलो में बिक रहा टमाटर, नहीं मिल रहे खरीदार, किसान फेंकने को मजबूर,लागत निकालना भी मुश्किल

देश-विदेश में टमाटर मंडी के रूप में बस्सी की पहचान
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बस्सी

•

image

Vinod Sharma

•

Updated: 20 Apr 2018, 11:29 PM IST

tomato-prices-came-down-with-bumper-production-in-farms

बस्सी (जयपुर)। बस्सी उपखंड क्षेत्र के गांवों के खेतों में इस साल टमाटर की बम्पर पैदावार हुई है। खेतों में बड़ी उम्मीदों से परिवार के सदस्यों ने टमाटर तोड़े थे कि मंडी में बिकने जाएंगे तो उचित मूल्य मिलेगा, जिससे घर-परिवारों एवं रिश्तेदारों के यहां शादी-विवाह में पैसा काम आ जाएगा। ट्रैक्टरों की ट्रॉलियों एवं कैरटों में भरकर टमाटरों को बेचने बस्सी में तूंगा रोड स्थित सब्जी (टमाटर) मंडी में आए तो टमाटरों के खरीदार ही नहीं मिले, जिससे न सिर्फ किसानों के आंसू निकल पड़े। किसानों को टमाटर के सही दाम नहीं मिलने से लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। भाव नहीं मिलने से किसान किराया भाड़ा बचाने के फेर में टमाटरों को मण्डी में न ले जाकर खेतों में या सड़क किनारे डाल रहे है। कुछ दिनों पूर्व उत्पादन कम होने से भाव अच्छे मिल रहे थे, लेकिन अब उत्पादन अधिक होने से लागत भी नहीं निक रही है।

बस्सी के टमाटरों के लिए अलग से जगह तक चिह्नित
जानकारी अनुसार बस्सी उपखंड क्षेत्र में छोटे-बड़े हजारों किसान टमाटर की खेती करते हैं, जिसके चलते देश-विदेश में बस्सी की पहचान टमाटर मंडी के रूप में होती है। दिल्ली की आजादपुर मंडी में तो बस्सी के टमाटरों के लिए अलग से जगह तक चिह्नित है। कई दशकों से यहां का किसान प्रमुखता से टमाटर की खेती करता आ रहा हैं। पहले तो बाहरी व्यापारी बस्सी के गांवों में आकर खेतों में ही कांटे लगाकर टमाटर खरीदकर दिल्ली सहित अन्य राज्यों में बेचने के लिए ले जाते थे, लेकिन बस्सी में सब्जी मंडी खुलने से व्यापारी तो नगण्य से हो गए, लेकिन मंडी खुलने के बाद भी किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

हाइब्रिड से करते खेती
रबी सीजन में प्रमुखता से हाइब्रिड टमाटर हैं। इनमें हिमशिखर, हिम सोना, करिश्मा, रोकी, 5005, कृष्णा सहित विभिन्न प्रकार के टमाटरों की खेती बेड पर की जाती है। इसके लिए अक्टूबर-नवम्बर महीने में नर्सरी तैयार करते हैं। 25 दिन का पौधा तैयार होने पर खेतों में बेडों पर रोपित कर दिया जाता है। इसका उत्पादन फरवरी से शुरू हो जाता है। अप्रेल के प्रथम सप्ताह तक तो टमाटरों के अच्छे भाव मिलते है लेकिन इसके बाद गर्मी बढऩे पर टमाटर जल्द पक जाते है जिससे किसानों को मजबूरन टमाटर तोडऩे पड़ते है।

एक-डेढ़ रुपए में बिक रहा है
कानाराम मीना निवासी खतैपुरा एवं रामफूल मीना निवासी देवगांव से टै्रक्ट्रर ट्रॉलियों में भरकर टमाटर लेकर मण्डी आए तो कोई भी खरीदार नहीं मिला। किसानों ने बताया कि बड़ी उम्मीद लेकर टमाटर बेचने आए थे, लेकिन टमाटरों की कीमत मिलना तो दूर टै्रक्टरों का भाड़ा तक जेब से चुकाना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि एक केरेट टमाटर 25 रुपए में बिक रहा है। कुछ किसानों के तो पीड़ा बताते हुए आंसू तक छलक गए। किसान नंदकिशोर चौधरी ने बताया कि हर साल ऐसा होता है। 15 अप्रेल के बाद भाव 30 अप्रेल तक शून्य हो जाते है। एक मई से फिर बढऩा शुरू होते हैं। कृषि विशेषज्ञ रामकिशोर चौधरी का कहना है कि किसानों को अत्याधुनिक बनने की जरूरत है। इसके बाद किसानों को उचित भाव मिल सकेगा।

यहां होती है टमाटरों की खेती
कचौलिया, मनोहरपुरा, डेडपुरा, महाराजपुरा, राजपुरा उस्ता, किशनपुरा, मनोहरपुरा, देवापुरा, नया गांव, भाजूपुरा, त्रिलोकपुरा, गोकुलपुरा, फाल्यावास में रतनपुरा, अभयपुरा, चतरपुरा, पालावाला जाटान, अचलपुरा, खिजूरिया जाटान, खिजूरिया ब्राह्मणान, पीलिया, खिजूरिया तिवाडिय़ान, रूपपुरा, रामसिंहपुरा, खतैपुरा, देवगांव, मूंडली, दणाऊकलां समेत दर्जनों गांव-ढाणियों मेंं प्रमुखता से किसान टमाटर की खेती करते हैं।

इनका कहना है
मंडियों में स्थानीय टमाटरों की आवक अधिक होने से भाव गिरे हैं। किसानों को मेहनत भी नहीं मिल रहा है। ट्रैक्टरों को पैसा भी जेब चुकाना पड़ रहा है।
जगदीश सैनी, सदस्य, कृषि उपज मंडी समिति बस्सी

चारों ओर टमाटरों की अच्छी आवक होने से मंडी में माल अधिक आ रहा है। वहीं जयपुर , दिल्ली आजादपुर मंडी सहित कई मंडियों में टमाटरों को भाव नहीं मिल पा रहे है। जिससे बस्सी मंडी में भी टमाटरों को खरीदार नहीं मिल रहा है।
हंसराज शर्मा, व्यापारी बस्सी