24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गांव में एयरगन से फायर, सीने में धंसा गोली का छर्रा, बेमेतरा का छात्र घायल

Air Gun Shot in Chhattisgarh: बेमेतरा जिले के ग्राम पदुमसरा में एयरगन से चली गोली का छर्रा लगने से 24 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के सिर और सीने में छर्रा लगने के बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया...
2 min read
Google source verification
Air Gun Pellet Surgery

गांव में एयरगन से फायर (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bemetara Air Gun Incident: बेमेतरा जिले के देवरबीजा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पदुमसरा में एयरगन से चली गोली का छर्रा लगने से 24 वर्षीय एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान लक्ष्मण वर्मा (24 वर्ष), पिता राजाराम वर्मा के रूप में हुई है। युवक के सिर और दाहिनी ओर सीने में छर्रा लगने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे बेमेतरा के रायपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एयरगन गांव के ही एक युवक के पास थी। इसी दौरान उससे फायर हुआ और छर्रा लक्ष्मण वर्मा को जा लगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे लापरवाही अथवा कोई अन्य कारण था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

समय पर इलाज से बची जान

अस्पताल के प्रबंधक डॉ. सुरेश बंजारे ने बताया कि घायल युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण सर्जन और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। जांच में पता चला कि एयरगन का छर्रा युवक के सीने में गहराई तक फंस गया था। डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक सर्जरी कर छर्रे को बाहर निकाल दिया।

डॉ. बंजारे ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने से युवक की जान बच गई। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत पहले से बेहतर है और वह खतरे से बाहर है। हालांकि एहतियात के तौर पर उसे डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में रखा गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही बेमेतरा पुलिस मौके पर सक्रिय हो गई। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल छात्र का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एयरगन से फायर अचानक हुआ, किसी की लापरवाही के कारण हुआ या फिर घटना के पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल एयरगन चलाने वाले युवक का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

गांव में चर्चा का विषय बनी घटना

ग्राम पदुमसरा में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और चिंता का माहौल है। एयरगन को आमतौर पर कम घातक माना जाता है, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया कि लापरवाही से इस्तेमाल किए जाने पर इससे भी गंभीर चोट लग सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे उपकरणों का उपयोग पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

बड़ी खबरें

View All

बेमेतरा

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग