5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Heavy Rain: भारी बारिश से राजस्थान के इस शहर में बाढ़ जैसे हालात, घर छोड़ने पर मजबूर हुए लोग, कई मकान गिरे

Heavy Rain in Bharatpur : मौसम विभाग की ओर से भरतपुर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी और बाढ़ के हालातों को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
Google source verification
Heavy Rain in Bharatpur

Heavy Rain in Bharatpur : भरतपुर शहर में लगातार बारिश ने कई कॉलोनियों को टापू में तब्दील कर दिया है। सभी जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है। लोग जलभराव के चलते घरों में कैद होकर रह गए हैं। यही वजह है कि कई परिवार यहां से पलायन कर पड़ोसी और रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। कई जगह इतनी बारिश हुई है कि जलकुंभी बहकर घरों के सामने जमा हो गई है। बाढ़ सरीखे हालातों को देखते हुए जिला कलक्टर ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

घरों में पानी के बीच बैठे लोग अब नगर निगम प्रशासन को कोस रहे हैं। लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई हो जाती है तो ऐसे हालात नहीं होते। जिम्मेदारों की ओर से सफाई की लचर व्यवस्था का खमियाजा लोग भुगत रहे हैं। यदि यह समय पर चेत जाते तो लोगों को घर छोड़कर अन्य जगह शरण नहीं लेनी पड़ती।

कई कॉलोनियों में भरा पानी

भरतपुर शहर की जसवन्त नगर कॉलोनी, शेर सिंह नगर कॉलोनी, तिलक नगर, विजय नगर, गौरी शंकर कॉलोनी, न्यू पुष्प वटिका कॉलोनी, सुभाष नगर कॉलोनी, नगर निगम के पीछे कोली मोहल्ला, पैराडाइज कॉलोनी, गांधीनगर कॉलोनी, खादी कॉलोनी, दुर्गा नगर एवं विमल कुंज सहित अन्य कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड सात के पार्षद प्रतिनिधि समुंदर ने बताया कि वार्ड में गणेश नगर, स्टेडियम नगर, केशव नगर, राधा नगर एवं पदम विहार कॉलोनी की हालत खराब है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

यहां ज्यादा स्थिति खराब

शहर सारस चौराहे से आगरा रोड पर गौरी शंकर कॉलोनी, अजीत नगर, गीता नगर कॉलोनी, पुष्पवाटिका आदि कॉलोनियों का पानी न्यू पुष्प वाटिका में जाकर इकट्ठा हो जाता है। यहां से कई लोग पानी की अधिकता देखते हुए घरों पर ताला लगाकर पड़ोसी व रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। कॉलोनी के विकास ने बताया कि कई लोग ताला लगाकर चले गए हैं। नगर निगम आयुक्त से कहा तो उन्होंने ट्रैक्टर पम्प लगाने को कहा था, लेकिन शाम तक तैयारियां ही चलती रहीं। कोई राहत नहीं मिल सकी।

स्कूलों में अवकाश घोषित

मौसम विभाग की ओर से भरतपुर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी और बाढ़ के हालातों को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। इस वजह से जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में 12 अगस्त का अवकाश घोषित कर दिया है। यह अवकाश सिर्फ विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा। यदि कोई भी संस्था प्रधान विद्यालय संचालित करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कच्चा मकान गिरा, दीवार ढही

शहर में हुई बारिश से कई जगह मकानों की चारदीवारी व मकान गिर गए। एक जगह कच्चा मकान गिर गया। रविवार को शेढ़ का मढ़ स्थित तेली वाली गली में बारिश से मकान की दीवार गली में गिर गई। गनीमत यह रही की उस समय गली में कोई नहीं था। लोगों ने कई बार जर्जर दीवार को लेकर शिकायत की थी, लेकिन मकान मालिक की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। वहीं दीपक पुत्र शम्भू दयाल निवासी गोपालगढ़ जघीनागेट के समीप नाले की ओर मकान की दीवार गिर गई। मथुरा सेवर रोड पर अनोखी होटल के समीप कमालपुरा वार्ड नम्बर एक स्थित भागवत पुत्र इतवारी का कच्चा मकान गिर गया, जिससे दो लोगों को चोट आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वहीं वार्ड नम्बर सात स्थित राधा नगर कॉलोनी में रमाकान्त का मकान बारिश से गिर गया।

यह भी पढ़ें- Rajasthan News: राजस्थान में यहां एक ही चिता पर हुआ 7 युवकों का अंतिम संस्कार, रो पड़ा पूरा गांव