8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bharatpur : भरतपुर में हुआ रोचक वाकया, सीएम के घर पहुंचीं कांग्रेस प्रत्याशी, मांगा वोट; पिता बोले- ‘मैं तो भाजपा का हूं’

Bharatpur Nikay Chunav : भरतपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 41 में रोचक वाकया हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के घर ही वोट मांगने पहुंच गईं। पिता किशन स्वरूप शर्मा बोले- ‘मैं तो भाजपा का हूं’।
2 min read
Google source verification
bharatpur chunav interesting incident congress candidate reached cm house

Bharatpur Nagar Nikay Elections : वार्ड 41 में जनसंपर्क के दौरान बबीता शर्मा। फोटो पत्रिका

Rajasthan Nikay Chunav : भरतपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-41 में रोचक वाकया हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के घर ही वोट मांगने पहुंच गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल का मकान इसी वार्ड में आता है। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी ने सीएम भजनलाल शर्मा के पिता किशन स्वरूप शर्मा से मुलाकात कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। मुख्यमंत्री के पिता ने साफ कहा कि ‘मैं तो भाजपा का हूं।’

बबीता शर्मा के मुताबिक वे 6 सितंबर को भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के घर प्रचार के लिए पहुंची थीं, लेकिन उस समय घर पर कोई नहीं मिला था। मंगलवार को जनसंपर्क के दौरान वो दोबारा मुख्यमंत्री के घर पहुंचीं। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उन्होंने मुख्यमंत्री के पिता से मिलने का आग्रह किया। कुछ देर बाद उन्हें मिलने के लिए बुलाया गया।

नहीं मिला जीत का आशीर्वाद

बबीता शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के पिता किशन स्वरूप शर्मा से कांग्रेस के लिए वोट देने की अपील की। बबीता शर्मा ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक मतदाता से वोट मांगना उनका अधिकार है। इसी अधिकार के तहत वह मुख्यमंत्री के घर भी वोट मांगने पहुंचीं थीं। हालांकि उन्हें जीत का आशीर्वाद नहीं मिला।

सीएम का घर इसी वार्ड में, मुकाबला भी कांटे का

वार्ड-41 में इस बार मुकाबला राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस ने यहां महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने प्रत्याशी दीपक मुद्गल की पत्नी योगेश्वरी मुद्गल को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का घर इसी वार्ड में होने के कारण वार्ड-41 पहले से ही शहर की हॉट सीटों में शामिल है।

राजस्थान के 168 निकायों और 4 नगर निगमों में वोटिंग कल

Rajasthan Nikay Chunav 2026 : राजस्थान के 39 जिलों के 5393 वार्डों में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जबकि प्रदेशभर के कुल वार्डों की संख्या 10 हजार 245 है। पहले चरण में प्रदेश के चार नगर निगमों सहित 168 नगरीय निकायों में मतदान होगा, जिनमें से पाली, भरतपुर, भीलवाड़ा और अलवर नगर निगम शामिल हैं। 10 में से जयपुर नगर निगम सहित 6 नगर निगमों में 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।

दोनों जिलों के छह निकायों में वोटिंग बुधवार को

भरतपुर नगर निकाय चुनाव में प्रचार का शोर सोमवार शाम 6 बजे थम गया। मतदान से 48 घंटे पहले लागू होने वाली मौन अवधि के तहत अब 9 सितम्बर को मतदान समाप्त होने तक चुनाव प्रचार प्रसार पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नगरपालिकाओं में मतदान 9 सितम्बर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।