
मृतक डॉ. इन्द्रजीत। फाइल फोटो- पत्रिका
राजस्थान के बयाना में खुशियों भरा एक पारिवारिक पिकनिक पलभर में मातम में बदल गया। बयाना पुलिस सर्किल के गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र स्थित दर्र बराहना के झरने में डूबने से एक 29 वर्षीय डेंटिस्ट की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब डेंटिस्ट अपनी पत्नी और साली के साथ झरने पर घूमने गया था। चट्टान पर चढ़ते समय उसका पैर फिसला और वह करीब 100 फीट गहरे पानी में समा गया।
करीब 15 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार को शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान रुदावल थाना क्षेत्र के गांव रसीलपुर निवासी इंद्रजीत सिंह उर्फ हरवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से डेंटल सर्जन थे और रूपवास कस्बे में एक निजी क्लीनिक संचालित करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ी बाजना पुलिस के साथ एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात ऑपरेशन रोकना पड़ा, जिसे शनिवार को फिर से शुरू किया गया। एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत व गढ़ी बाजना थानाधिकारी पृथ्वी सिंह खटाना की निगरानी में चले अभियान के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
यह वीडियो भी देखें
एसडीएम दीपक मित्तल ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ी झरनों, डेम, तालाब व अन्य बरसाती जल स्रोतों से दूरी बनाए रखें। यह स्थान दिखने में आकर्षक भले लगें, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है। यह हादसा एक गहरी पीड़ा और सीख दोनों देता है।
Updated on:
26 Jul 2025, 6:18 PM IST
Published on:
26 Jul 2025, 6:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.