
saint hariboldas boycott meeting on illegal mining in Bharatpur
भरतपुर। भरतपुर संभाग में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए डिविजनल कमिश्नर सुबीर कुमार की अध्यक्षता में आज एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें भरतपुर की रेंज आईजी मालिनी अग्रवाल सहित संभाग के चारों जिलों के कलक्टर सहित वन, खनिज, रेवेन्यू, परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिरकत की।
संत ने शुरुआत में ही किया बैठक का बहिष्कार
बैठक की शुरुआत में ही खनन माफियाओं के खिलाफ आंदोलन करने वाले सन्त हरिबोलदास ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और बैठक को छोड़कर बाहर आ गए। वहीं पूरी मीटिंग में अवैध खनन रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारी एक दूसरे विभाग पर कार्यवाही में साथ नहीं देने का आरोप लगाकर उलझते दिखाई दिए। जिस पर डिविजनल कमिश्नर सुबीर कुमार ने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी को फटकार लगाई और कहा कि भरतपुर सम्भाग में जिस इलाके में अवैध खनन की शिकायत मिली तो सम्बंधित एसडीएम, डीएसपी, माइनिग इंजीनियर, रेंजर, परिवहन इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्यवाही होगी।
जॉइंट आॅपरेशन चलाने के आदेश
साथ ही उन्होंने महीने में तीन दिन सभी विभागों को पुलिस के साथ मिलकर जॉइंट ऑपरेशन चलाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा बन्ध बारैठा वन्य जीव अभयारण्य में अवैध खनन रोकने में लापरवाही बरतने वाले वन विभाग के दो रेंजर को एपीओ करने के आदेश भी दिए हैं। बैठक में धौलपुर के चंबल से रेता के अवैध खनन, सवाईमाधोपुर में बनास नदी में बजरी के अवैध खनन सहित करौली व भरतपुर के वन संरक्षित क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन सहित बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में अवैध खनन का मुद्दा गरमाया रहा।
बाबा बोले, सिर्फ बैठकें करता है प्रशासन
अवैध खनन की रोकथाम के लिए आयोजित बैठक का बाबा हरिबोलदास ने बहिष्कार किया। उसके पीछे डिवीजनल कमिश्नर भी परिवहन, पुलिस और माइनिंग विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हैं। वहीं बाबा हरिबोलदास का आरोप था कि प्रशासन सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में सिर्फ बैठकें करता है। इन बैठकों में जो निर्णय लिए जाते हैं उन पर फील्ड में तैनात अफसर कोई कार्यवाही नहीं करते हैं। पूर्व की बैठकों में जो निर्णय लिए गए उनकी पालना भी अधिकारियों ने नहीं की है। बाबा हरिबोलदास ने पुलिस व प्रशासन पर बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग सहित वन संरक्षित क्षेत्र में अवैध खनन होने का आरोप लगाया।
बैठक में डिवीजनल कमिश्नर सुबीर कुमार व आईजी मालिनी अग्रवाल ने सभी विभागों को कोर्डिनेशन के तहत काम करने के आदेश दिए और और कहा कि खनन माफियाओं को सरक्षंण देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और अब अवैध खनन में पकड़े जाने पर वाहनों पर सिर्फ कम्पाउंड या जुर्माना ही नही एफआईआर भी होगी। साथ ही व्हीकल की आरसी व चालक का लाइसेंस ही निरस्त होगा।
Published on:
07 Aug 2018 06:13 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
