
Ai Generated Image
भरतपुर: गोपालगढ़-पहाड़ी रोड पर एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। सुबह घर से निकलते समय किसी ने नहीं सोचा था कि मां और भांजे के साथ चारा लेने निकला रविंद्र फिर कभी घर नहीं लौटेगा। गोपालगढ़-पहाड़ी रोड पर आरबीएम स्कूल के पास बाइक और टेंपो की भिड़ंत हुई, जिसने एक परिवार से उसका इकलौता बेटा छीन लिया। हादसे में रविंद्र सैनी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गोपालगढ़ निवासी जगन सैनी का बेटा रविंद्र छह बहनों के बीच इकलौता भाई था। परिवार में बहनों के लिए वह सिर्फ भाई नहीं, बल्कि मायके का वह सहारा था, जिसके साथ रिश्तों की पूरी दुनिया जुड़ी थी। मौत की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
रविंद्र अपनी मां और भांजे को बाइक पर बैठाकर चारा लेने जा रहा था। आरबीएम स्कूल के पास सामने से आए टेंपो से बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों घायल हो गए। रविंद्र को उपचार के लिए सीकरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां के पैर में फ्रेक्चर हुआ, जबकि भांजे को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को बेहतर उपचार के लिए अलवर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर गोपालगढ़ थाना पुलिस सीकरी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई।
इधर, भरतपुर में बयाना के रीको रोड पर एक सड़क हादसे में शनिवार सुबह स्कूल जा रही सरकारी शिक्षिका सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। भरतपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे शिक्षिका स्कूटी से उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे में उनके सिर में अंदरूनी चोट आई है। तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष रघुवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि हरमुख नगर स्थित भगवती कॉलोनी निवासी अर्चना शर्मा (45) सरकारी शिक्षिका है। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह करीब 7 बजे स्कूटी से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कारबारी जा रही थीं।
Updated on:
06 Sept 2026 12:44 pm
Published on:
06 Sept 2026 12:44 pm
