2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bhilai Student Molested: भिलाई में चाय की टपरी पर छात्रा को किया जबरन किस, विरोध करने पर सहेली से भी की मारपीट

Misbehavior with Student: भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में चाय की टपरी पर छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रा का गला पकड़कर जबरन किस किया और विरोध करने पर उसकी सहेली से मारपीट की।
2 min read
Google source verification
Bhilai Student Molested

आरोपी ने चाय की टपरी पर छात्रा को किया किस (photo source- Patrika)

Bhilai Student Molested: छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे एक युवक ने अचानक उसका गला पकड़ लिया और जबरन गाल पर किस कर दिया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी सहेली से भी मारपीट की। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर चौकी का है।

Bhilai Crime News: दोस्तों के साथ चाय पी रही थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता बालोद जिले के डौंडी क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल स्मृति नगर में रहकर पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने शिकायत में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेली और दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की टपरी पर बैठी थी। सभी आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी वहां हेमंत छत्री नाम का युवक पहुंचा।

अचानक गला पकड़कर किया जबरन किस

शिकायत के मुताबिक, आरोपी बिना किसी बातचीत के छात्रा के पास आया और दोनों हाथों से उसका गला पकड़ लिया। इसके बाद उसने छात्रा के बाएं गाल पर जबरन किस कर दिया। अचानक हुई इस हरकत से छात्रा घबरा गई और खुद को छुड़ाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान वह कुर्सी से नीचे गिर गई।

बीच-बचाव करने आई सहेली से भी की मारपीट

छात्रा के दोस्तों और सहेली ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि युवक ने छात्रा की सहेली के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इस हमले में सहेली के सिर और नाक पर चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगा।

लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, CCTV में कैद हुई वारदात

शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। पूरी घटना चाय की दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी की हरकत और उसके बाद हुआ हंगामा दिखाई देने की बात सामने आई है।

Bhilai Crime News: शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना के बाद पीड़िता स्मृति नगर चौकी पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हेमंत छत्री के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।