
बारिश और वज्रपात का अलर्ट (photo source- Patrika)
Chhattisgarh Weather Update: मानसून की सक्रियता के बीच दुर्ग में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बुधवार को दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होती रही। बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट रही और मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में दुर्ग में 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आद्र्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य रही। पिछले 24 घंटे में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सुकमा में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम रही।
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं कुछ दिनों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को दुर्ग में आसमान सामान्यत: बादल छाया रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। बादल और बारिश के कारण गर्मी का असर सीमित रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पोंडी बचरा में 14 सेमी, कुसमी में 8 सेमी, दौरा कोचली में 6 सेमी और राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर तथा रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में 3 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
Updated on:
03 Sept 2026 03:35 pm
Published on:
03 Sept 2026 03:34 pm
