
18+ वैक्सीनेशन: पहले दिन टीका एप में एरर से फूटा युवाओं का गुस्सा, कोरोना वैक्सीन लगवाने केंद्रों के बाहर लगी भीड़
भिलाई . 18 प्लस के युवाओं में वैक्सीन (Corona vaccination in Durg) लगवाने को लेकर रविवार को खासा उत्साह देखने को मिला पर राज्य सरकार के टीका एप क्रैश होने से उनकी आशा कुछ ही देर में निराशा में बदल गई। आधी-अधूरी तैयारी के साथ शुरू किए गए टीका एप (TIKA App) में एक साथ हजारों एंट्री होने से एप में एरर शो होने लगा। भिलाई के अलग-अलग सेंटरों में सीजी टीका ऐप में पंजीयन करवाने के लिए लोग कई घंटे तक कतार में खड़े रहे। इस दौरान सुबह 10 से 12 बजे के मध्य ऐप में एरर बताने की शिकायत के बाद मैनुअल तरीके से नाम लिखकर टीकाकरण के काम को जारी रखा गया। इसके लिए कन्या स्कूल भिलाई-तीन में चार काउंटर बना दिए गए थे। जिससे लोगों को अधिक समय तक इंतजार करना न पड़े।
सांस्कृतिक भवन में लगी लंबी कतार
सांस्कृतिक भवन, वैशाली नगर में 18 प्लस के युवाओं की कोरोना का टीका लगवाने के लिए लंबी कतार नजर आ रही थी। बाहर धूप होने की वजह से लोगों को छत के नीचे कतार लगाने इजाजत दी गई। इसके पहले हितग्राहियों को गेट के बाहर ही खड़ा रखा जा रहा था। यहां वैक्सीन लगाने दो सिस्टर्स की ड्यूटी तय की गई, जिससे लाभार्थियों को दिक्कत न हो। सुबह करीब 120 डोज वैक्सीन लेकर वे पहुंचे थे।
सेंटरों में दो घंटे चला मैनुअल काम
जिले में 18 प्लस के युवाओं ने रविवार की सुबह से कोरोना का टीका लगवाने के लिए सीजी टीका ऐप में रजिस्ट्रेशन करना शुरू किया। युवाओं ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सीजी टीका एप में रजिस्ट्रेशन करने की कोशिश कर रहे थे, तो एरर बता रहा था। जिसकी वजह से कुछ सेंटरों में करीब दो घंटे तक मैनुअल नाम व आधार नंबर दर्ज कर टीकाकरण का काम शुरू कर दिए थे। दोपहर 12 बजे के बाद ऐप काम करने लगा। इसकी वजह से कई सेंटरों में जो लोग पहले से ही रजिस्ट्रेशन करवा लिए थे, उनको टीका लगाया जा रहा था।
10273 को लगा वैक्सीन
रविवार को जिले में 386 अंत्योदय कार्डधारियों, 2520 बीपीएल कार्डधारियों, 6292 एपीएल कार्डधारियों और 11077 फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना का टीका लगाया गया है। इस तरह से 10273 हितग्राहियों को टीका लगाया गया है। इसके अलावा जिला में 45 प्लस वाले 758 हितग्राहियों को टीका लगाया गया है। अब तक दुर्ग जिले में कुल 4,94,808 डोज टीका लगाया जा चुका है।
Updated on:
17 May 2021, 12:40 PM IST
Published on:
17 May 2021, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.