
छत्तीसगढ़ का रण
दुर्ग पत्रिका @हेमंत कपूर। CG Election 2023: बीते चुनावों की तरह इस बार भी जिले की महिला मतदाता निर्णायक हो सकतीं हैं। दरअसल राज्य निर्माण के बाद हुए चुनावों में मतदान को लेकर महिला मतदाताओं का रुझान लगातार बढ़ा है, वहीं मतदान करने वाले पुरुषों की संख्या में लगातार कमी आई है। पिछले चार चुनावों की तरह मतदान को लेकर यही रुझान बरकरार रहा तो महिला मतदाता जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेंगी।
भारतीय सामाजिक व्यवस्था में अमूमन महत्वपूर्ण फैसलों के दौरान नजरअंदाज कर दिए जाने वाली महिलाएं जिले में लोकतंत्र की सबसे बड़े अधिकार मतदान का उपयोग अपने नेता के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसका प्रमाण चुनावों में मतदान करने वाले पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही संख्या है। पिछले 4 विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर ही गौर करें तो जिले की महिलाएं प्रत्येक चुनाव में पहले से अधिक संख्या में घर से बाहर निकलकर मतदान के अधिकार का उपयोग कर रही है।
पहले घटा, फिर सुधरा पुरुषों का रुझान
वर्ष 2003 में 4 लाख 65 हजार 499 पुरुष मतदाताओं में से 70.59 फीसदी यानि 3 लाख 28 हजार 595 ने मतदान किया। इसके विपरीत वर्ष 2008 में मतदान करने वाले पुरुष मतदाताओं की संख्या घट गई। वर्ष 2008 में 5 लाख 28 हजार 278 में से केवल 3 लाख 57 हजार 961 यानि 67.76 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया। इस तरह वर्ष 2003 की तुलना में वर्ष 2008 में करीब 3 फीसदी कम पुरुषों ने मतदान किया। हालांकि वर्ष 2013 में इसमें सुधार आया है। वर्ष 2018 में भी सुधार की स्थिति रही।
हर चुनाव में बढ़ी महिलाओं की संख्या
वर्ष 2003 के चुनाव में 4 लाख 32 हजार 660 महिला मतदाता थी। इनमें से 66.09 फीसदी यानि 2 लाख 85 हजार 945 महिलाओं में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं 2008 में 4 लाख 95 हजार 178 में से 66.53 यानि 3 लाख 29 हजार 441 महिलाओं ने मतदान किया। इस तरह करीब आधी फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 2013 के चुनाव महिला मतदाताओं की संख्या में करीब 3 फीसदी बढ़ोतरी हुई और महिला मतदाताओं का प्रतिशत बढ़कर 69.31 फीसदी पहुंच गया। इस तरह 2013 में 5 लाख 56 हजार 283 में से 3 लाख 85 हजार 560 ने मतदान किया। वर्ष 2013 की तुलना में वर्ष 2018 में एक फीसदी ज्यादा महिलाओं ने वोट किया।
इस तरह समझें मतदान का रुझान
2003
कुल मतदाता 898159
मतदान का प्रतिशत 68.85
पुरुष मतदाता 465499
मतदान का प्रतिशत 70.59
महिला मतदाता 432660
मतदान का प्रतिशत 66.09
2008
कुल मतदाता 1023457
मतदान का प्रतिशत 67.17
पुरुष मतदाता 528278
मतदान का प्रतिशत 67.76
महिला मतदाता 495178
मतदान का प्रतिशत 66.53
2013
कुल मतदाता 1145113
मतदान का प्रतिशत 69.48
पुरुष मतदाता 588830
मतदान का प्रतिशत 69.64
महिला मतदाता 556283
मतदान का प्रतिशत 69.31
2018
कुल मतदाता 1195845
मतदान का प्रतिशत 71.81
पुरुष मतदाता 435131
मतदान का प्रतिशत 72.27
महिला मतदाता 423793
मतदान का प्रतिशत 71.35
यह भी पढ़े: cg election 2023 : मात्र 29 वोटों के अंतर से हार गए थे कांग्रेस के ये दिग्गज नेता, चर्चाओं में रहा यह जीत
औसत मतदान के मामले में अब भी पीछे
मतदान के मामले में जिले की महिलाएं, पुरुषों की तुलना में अधिक जागरूक जरूर दिख रही हैं, लेकिन प्रदेश के औसत मतदान के मामले में अब भी पिछड़ने की स्थिति है। वर्ष 2013 में प्रदेश की 83 लाख 8 हजार 557 महिला मतदाताओं में से 64 लाख 23 हजार 948 यानि 77.32 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया था, जबकि जिले में यह संख्या केवल 69.31 फीसदी रही। 2013 में प्रदेश के 85 लाख 86 हजार 556 पुरुष मतदाताओं में से 76.93 फीसदी अर्थात 66 लाख 5 हजार 610 ने मतदान किया था।
चुनावी मैदान में दस महिला अभ्यर्थी
मतदान के अलावा मैदान में भाग्य आजमाने के मामले में भी जिले की महिलाएं पीछे नहीं है। चुनाव में जिले में 10 महिलाएं भाग्य आजमा रही हैं। अहिवारा से रीति देशलहरा, भिलाई से उमा पांडेे, पुष्पा मिश्रा, दुर्ग शहर से वर्षाऋतु यादव, पारसमणि चंदेल, अजरा खान, इंद्रा बाई साहू, दुर्ग ग्रामीण से विमला साहू, व वैशाली नगर से संगीता शाह और अंजू सोनी शामिल हैं। 2018 में 9 महिलाएं चुनाव मैदान में थीं।
Updated on:
10 Nov 2023 01:38 pm
Published on:
10 Nov 2023 01:35 pm
