
प्रधानमंत्री करेंगे अंतागढ़ से ताड़ोकी तक नई रेल लाइन का लोकार्पण
भिलाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर, बस्तर की यात्रा पर आएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलांयास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान अनेक रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलांयास करेंगे। वे अंतागढ़ से ताड़ोकी नई रेल लाइन और जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच डबल रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी के साथ प्रधानमंत्री बोरीडांड से सूरजपुर रेल लाइन के दोहरीकरण परियोजना व अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे।
डेमू ट्रेन को दिखाया जाएगा हरी झंडी
इस मौके पर प्रधानमंत्री ताड़ोकी से रायपुर डेमू ट्रेन सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुरू भी करेंगे। इन रेल परियोजनाओं से राज्य के जनजातीय इलाकों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा। रेल अवसंरचना में सुधार और नई रेल सेवाओं से स्थानीय लोगों को सुविधा होगी व इलाके में आर्थिक विकास को मदद मिलेगी।
272 करोड़ की परियोजना
प्रधानमंत्री अंतागढ़ से ताड़ोकी नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। छत्तीसगढ़ के रेल संपर्क विहीन ताड़ोकी क्षेत्र में दल्लीराजहरा रावघाट परियोजना के तहत 272 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 17.65 किलोमीटर लंबी रेल लाइन छत्तीसगढ़ के वनवासी बाहुल्य क्षेत्र को परिवहन का सुलभ, किफायती और तेज साधन उपलब्ध कराएगी। यह लाइन पर्यटन को बढ़ावा देने के अलावा इस्पात संयंत्रों के लिए लौह अयस्क समृद्ध क्षेत्रों से परिवहन संपर्क की सुविधा मिलेगी।
रेल लाइन दोहरीकरण का शिलांयास
प्रधानमंत्री बोरीडांड से सूरजपुर रेल लाइन के दोहरीकरण का शिलांयास भी करेंगे। 79 किलोमीटर लंबी यह परियोजना 775 करोड़ की लागत से पूरी होगी। रेल लाइन के दोहरीकरण से रेल परिवहन सुविधा का विस्तार होगा व क्षेत्र में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय रोजगार सृजन और आसपास के क्षेत्रों से देश के शेष हिस्सों तक कोयले के परिवहन में आसानी होगी।
डेमू ट्रेन करेंगे शुरू
प्रधानमंत्री ताड़ोकी से रायपुर डेमू ट्रेन सेवा शुरू करेंगे। इस सेवा के आरंभ होने से ताड़ोकी से राजधानी रायपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी। इस क्षेत्र के निवासियों को तेज, सुगम व सस्ता परिवहन उपलब्ध होगा। छात्रों को उच्च शैक्षिक संस्थानों व मरीजों को अच्छे अस्पतालों तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही इस क्षेत्र का समंवित व चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। यह सभी परियोजनाएं इस क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक विकास में भी सहभागी होगी। पूरे क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा, रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगें व संपूर्ण क्षेत्र के परिवहन गतिशीलता में इजाफा होगा।
Updated on:
2 Oct 2023, 4:34 PM IST
Published on:
2 Oct 2023, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.