3 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Durg SI Suspend: NDPS केस में सेटिंग का खेल! ‘पैसा दो, आरोपी छोड़ देंगे’, ऑडियो वायरल होते ही दो SI सस्पेंड

NDPS case viral audio: दुर्ग में NDPS केस में आरोपी को छोड़ने के बदले रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। SSP ने दो SI को तत्काल सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं।

3 min read
Google source verification
Durg SI Suspend

दो SI सस्पेंड (photo source- Patrika)

Durg SI Suspend: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। आरोपी पक्ष को छोड़ने और लिखापढ़ी के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उप निरीक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। मामले में 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है। वहीं शिकायत करने वाली महिला ने दावा किया है कि संबंधित पुलिसकर्मी अफसरों के नाम पर भी पैसों की मांग कर रहे थे।

Durg SI Suspend: वायरल ऑडियो के बाद SSP का बड़ा एक्शन

दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों को रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक छावनी को सौंपी गई है। उन्हें तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।

NDPS केस में पैसों की मांग का आरोप

पुलिस के अनुसार यह मामला पुरानी भिलाई थाना में दर्ज केस क्रमांक 288/2026 से जुड़ा है, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और ऑडियो में कथित तौर पर आरोपी पक्ष से पैसे मांगने की बातचीत सामने आई। शुरुआती जांच में दोनों पुलिस अधिकारियों का आचरण संदिग्ध और विभागीय नियमों के खिलाफ पाए जाने पर विभाग ने तत्काल सस्पेंशन की कार्रवाई की।

महिला ने लगाए गंभीर आरोप

मामले में सामने आई महिला जसबीर ने पुलिस कार्रवाई को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसकी मां और एक युवक को बिना पर्याप्त आधार के कार्रवाई के दायरे में लाया गया। महिला के मुताबिक उसकी मां को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जबकि जिस युवक को पकड़ा गया, उसे लंबे समय तक थाने में रखने के बाद कोर्ट में पेश किया गया।

महिला ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान पहले 5 हजार रुपए लिए गए और बाद में लगातार और पैसों की मांग की जाती रही। उसका दावा है कि आरोपी को छोड़ने और मामले में राहत देने के नाम पर कुल 50 हजार रुपए मांगे गए थे। इसके अलावा लिखापढ़ी और दस्तावेजी प्रक्रिया के नाम पर भी अलग से रकम मांगी जा रही थी।

“अफसरों तक पैसे पहुंचाने” की बात का दावा

महिला ने दावा किया कि उसके पास पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग सुरक्षित है। उसके अनुसार बातचीत में यह भी कहा गया था कि मांगी गई रकम का कुछ हिस्सा वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाना होगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां से अलग स्तर पर 2 लाख रुपए की मांग की बात कही गई थी। हालांकि उसने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उसकी सीधे संबंधित टीम से बातचीत नहीं हुई थी।

निष्पक्ष जांच और CCTV जांच की मांग

महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उसने कहा कि संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौके से क्या बरामद हुआ और क्या नहीं। महिला का दावा है कि जिस मोबाइल फोन के आधार पर उसे बुलाया गया था, उससे जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी जानकारी भी उसके पास मौजूद है।

Durg SI Suspend: पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

ऑडियो वायरल होने और दो पुलिस अधिकारियों के सस्पेंड होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामला एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर कानून से जुड़ा होने के कारण विभाग भी सतर्क नजर आ रहा है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। तीन दिनों में आने वाली प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।