
राजनांदगांव. पेन्ड्री बायपास रोड में शुक्रवार की अल सुबह सड़क दुर्घटना के बाद भीषण आगजनी में एक व्यक्ति घटनास्थल पर ही जिंदा जल गया। वहीं एक व्यक्ति ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना के बाद भीषण आगजनी में ट्रक जलकर राख हो गया। दुर्घटना के बाद वहां पर घंटों जाम के हालात थे। सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
ट्रकों के टक्कर होते ही चिंगारी निकली और पीछे की ट्रक में आग लग गई
जानकारी के अनुसार आज तड़के तीन बजे एक तेज रफ्तार ट्रक स्पीड ब्रेकर के समीप सामने जा रहे ट्रक से टकरा गया। ट्रकों के टक्कर होते ही चिंगारी निकली और पीछे की ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक मेें बैठे परिचालक को निकलने का मौका ही नहीं मिला और घटनास्थल पर ही जिंदा जल गया। वहीं ट्रक चालक ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर ट्रक से कूदने में सफल हो गया। इस दुर्घटना में चालक भी बुरी तरह झुलझ गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छत्तीसगढ़-ओडिशा उंझा ट्रांसपोर्ट की ट्रक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़-ओडिशा उंझा ट्रांसपोर्ट की ट्रक क्रमांक सीजी 07, 8638 गुजरात से धनिया भर कर उड़ीसा जा रहा था। राजनांदगांव में ग्राम पेन्ड्री के पास तेज गति से आ रहा ट्रक सामने की ट्रक से टकरा गया। इस दुर्घटना में परिचालक राजस्थान, जालोर निवासी 20 वर्षीय प्रकाश विश्नोई पिता सूरजन जिंदा जल गया। वहीं चालक तेजा राम पिता गिरीवर बुरी तरह से झुलस गया है। सामने वाला ट्रक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। वह ट्रक कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
ट्रक बुरी तरह जलकर राख
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। तेजी से फैली आग के कारण परिचालक प्रकाश बाहर नहीं निकल सका और वहीं जल गया। कांच को तोड़कर चालक तेजा ने नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मृतक परिचालक के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
23 Feb 2018, 12:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.