11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बद्रीनाथ के तप्त कुंड में दम घुटने से भीलवाड़ा की दो बहनों की मौत, हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

बद्रीनाथ धाम के तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने के संकल्प के दौरान भीलवाड़ा की दो सगी बहनों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों अचेत होकर कुंड में गिर गईं और उनकी मौत हो गई।
less than 1 minute read
Google source verification
Badrinath Tapt Kund Accident

मृतका रामू देवी और प्रेम देवी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

Badrinath Tapt Kund Accident : मांडल (भीलवाड़ा)। मांडल क्षेत्र से बद्रीनाथ धाम की धार्मिक यात्रा पर गई दो सगी बहनों की तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने के संकल्प के दौरान दम घुटने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दाता (लुहारिया) और कबराड़िया गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बहनों का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनाथ सत्संग मंडल भगवानपुरा के तत्वावधान में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का दल 4 सितंबर को बद्रीनाथ पहुंचा था। दल में मांडल थाना क्षेत्र के दाता (लुहारिया) निवासी प्रेम देवी (73) पत्नी मदन लाल पांड्या तथा करेडा थाना क्षेत्र के कबराड़िया निवासी रामू देवी (71) पत्नी अमरचंद शर्मा भी शामिल थीं।

108 डुबकी के संकल्प के दौरान बिगड़ी तबीयत

शुक्रवार सुबह रामु देवी, प्रेम देवी, भगवती देवी और सोहनी देवी बद्रीनाथ स्थित तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचीं। बताया गया कि रामु देवी और प्रेम देवी तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ स्नान कर रही थीं। लगभग 50 डुबकी पूरी होने के बाद दोनों की सांस फूलने लगी। शुरुआत में धीमी गति से डुबकी लगा रही महिलाओं ने बाद में तेजी से डुबकी लगाना शुरू कर दिया, जिससे वे अचेत होकर कुंड में गिर पड़ीं।

मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुंड से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद भगवती देवी और सोहनी देवी सुरक्षित हैं।

हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर उपजिलाधिकारी के निर्देशानुसार शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों की इच्छानुसार दोनों बहनों का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा।