
Bhilwara Food Poisoning: अस्पताल में भर्ती परिवार के लोग (फोटो-पत्रिका)
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक ही परिवार के आठ लोगों की भोजन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सभी ने घर पर दाल-रोटी खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द, जी मिचलाने और घबराहट की शिकायत की। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) लेकर पहुंचे, जहां सभी का इलाज जारी है। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव की है। परिवार के सदस्य शुक्रवार रात घर पर एक साथ भोजन कर रहे थे। परिवार के लोगों ने दाल-रोटी खाई थी। शनिवार सुबह एक-एक कर सभी सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी। सबसे पहले उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद अन्य सदस्यों में भी वही लक्षण दिखाई देने लगे।
घर में मौजूद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी तो परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सभी को निजी वाहन से तुरंत महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में प्रेम (30) पत्नी आकाश खारोल, गुलाबी देवी (60) पत्नी देवा खारोल, वैशाली (40) पत्नी कैलाश खारोल, देवा (55) पुत्र रामदेव खारोल, कैलाश (32) पुत्र सावंत खारोल, अमन (12), मनराज (15) और लक्ष्मी (12) शामिल हैं।
एमजीएच भीलवाड़ा पहुंचते ही चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने सभी मरीजों की जांच कर उपचार शुरू किया। मरीजों को आवश्यक दवाइयां दी गईं और ड्रिप लगाई गई। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से स्थिति नियंत्रण में रही और फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। सभी को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
चिकित्सकों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला विषाक्त भोजन या फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि भोजन के सैंपल और अन्य जरूरी जांच के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि भोजन हमेशा ताजा और स्वच्छ रखें। यदि भोजन करने के बाद उल्टी, पेट दर्द या घबराहट जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए तुरंत अस्पताल पहुंचें।
Updated on:
01 Aug 2026 08:21 pm
Published on:
01 Aug 2026 08:21 pm
