
राशि को लेकर विवाद, किया ससुर का अपहरण
मंगरोप।
थाना क्षेत्र के सियार गांव में शुक्रवार दोपहर खेत पर गए एक व्यक्ति का उसके पूर्व दामाद ने अपहरण कर लिया। झगड़ा राशि को लेकर दोनों में विवाद है। मंगरोप थाने में तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। थानाप्रभारी मूलचंद के अनुसार सियार निवासी जमनालाल जाट दोपहर में खेत पर गया था। इस दौरान उसकी पुत्री का पूर्व पति रूपाहेली निवासी भैरू जाट समेत दो साथी वैन लेकर खेत पर पहुंच गए। वहां जबरन जमना को वैन में बैठा ले गए।
नाता विवाद के बाद से अनबन
पुलिस के अनुसार जमना की पुत्री का पांच साल पूर्व भैरू से नाता विवाह हुआ। दोनों में अनबन के कारण अदालत में मामला विचाराधीन है। इस बीच जमना ने पुत्री का अन्य जगह नाता विवाह कर दिया। उसकी झगड़े की राशि को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद है। कई बार मामला झगड़े तक पहुंच गया था। इसी विवाद को लेकर अपहरण किया गया। देर रात रूपाहेली के निकट जमना को छोड़कर चले गए। देर रात थाने पहुंच कर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
हादसे में दो बाइक सवार घायल, एक रैफर
अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को दिन में कोठारी पदी पुलिया के पास एक कन्टेनर की टक्कर से दो बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एम्बुलेंस की सहायता से महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे रैफर किया गया। थानाप्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि माण्डल कस्बा निवासी संजय (22) पुत्र शंकर रेगर व पिंटू(20) पुत्र भंवर रैगर बाइक से भीलवाड़ा जा रहे थे। कोठारी नदी पुलिया पर कन्टेनर की चपेट में आ गए। जिससे दोनो गम्भीर रूप से घायल हो गए। सजंय की हालात अधिक खराब होने पर उसे उदयपुर रैफर कर दिया गया।
Published on:
28 Oct 2017 07:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
