
डीएमजी ने मांगी भीलवाड़ा खनिज विभाग से रिपोर्ट, खान विभाग में मचा हड़कंप
भीलवाड़ा खनिज विभाग में एवजी कर्मचारी की ओर से काम करने का मामला उजागर होने के बाद खनिज विभाग में शुक्रवार दिनभर हड़कंप मचा रहा। खान निदेशालय उदयपुर के अतिरिक्त निदेशक दीपक तंवर ने भीलवाड़ा अधीक्षण अभियंता ओपी काबरा से रिपोर्ट मांगी है। काबरा ने रिपोर्ट उदयपुर भेज दी।
राजस्थान पत्रिका के शुक्रवार के अंक में भीलवाड़ा में खनिज विभाग के कार्यालय में एवजी व्यवस्था...असल कर्मचारी ‘गायब’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित के बाद भीलवाड़ा, जयपुर तथा उदयपुर में हड़कंप मचा रहा। सीएमओ ने भी इस मामले में दखल देते हुए रिपोर्ट तलब की है। खनिज विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि खनिज विभाग कार्यालय में सोनू प्रजापत पिछले डेढ साल से काम कर रहा है। वेतन भी सरकारी कर्मचारी दे रहे थे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी जुटाई तो कर्मचारियों ने बताया कि सोनू कई समय से काम कर रहा था।
इसी प्रकार अधीक्षण अभियंता कार्यालय में भैरूसिंह की सीट पर काम करने वाले साहिल भी लम्बे समय से काम कर रहा है। इसका खुलासा जांच अधिकारी को दिए कर्मचारियों के बयान से साफ हुआ। काबरा ने बताया कि तथ्यात्मक रिपोर्ट बनाकर उदयपुर भेजी है। एवजी कर्मचारियों को रवाना कर दिया है। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है। निर्णय खान निदेशालय के डीएमजी भगवती प्रसाद को करना है। बिजौलिया खनिज अभियन्ता कार्यालय पर भी तीन कर्मचारी एवजी के रूप में काम कर रहे थे। उनको भी समाचार प्रकाशन के बाद घर रवाना कर दिया गया।
Published on:
02 Mar 2024 09:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
