27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

15 घंटे में 5 इंच बारिश, 75 क्षेत्रों में भरा पानी

राजधानी के पॉश इलाकों में भी घरों में घुसा पानी, नालों के उफनने से शहरों से टूटा संपर्क
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Pushpam Kumar

•

Updated: 13 Jul 2018, 7:56 AM IST

news

15 घंटे में 5 इंच बारिश, 75 क्षेत्रों में भरा पानी

भोपाल. राजधानी में बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश ने गुरुवार सुबह तक 5 इंच पानी बरसा दिया। कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई। 75 क्षेत्रों में जलभराव की शिकायत दर्ज की गई। 55 स्लम एरिया में पानी घरों में घुस गया। 20 से अधिक पॉश कॉलोनियों में भी ऐसी ही स्थिति बनी। लोग घरों में पानी भरने से परेशान रहे।

कोलार की मंदाकिनी कॉलोनी जलमग्न हो गई। नालों के उफनने से लोगों का शहरों से संपर्क टूट गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक भोपाल शहर में 104.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बैरागढ़ ऑब्जर्वेटरी के अनुसार बाहरी इलाकों में 53.7 मिमी बारिश दर्ज हुई।

बारिश के कारण दिन के तापमान में खासी कमी आई। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एके गुप्ता के अनुसार अगले 24 घंटे में शहर एवं आसपास के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। बारिश के दौरान चली हवा में 15 स्थानों पर पेड़ गिर गए। 8 क्षेत्रों में घरों की दीवारे धंसकने के मामले सामने आए।

स्थिति-01
लहारपुर से बरखेड़ा पठानी तक का दो किमी का रास्ता बंद हो गया। नाला साफ नहीं होने की वजह से पानी सड़कों पर जमा हो गया। इस सड़क का उपयोग करने वाली दस से अधिक कॉलोनियों का शहर से संपर्क टूट गया। इस दौरान लोग परेशान होते रहे।

स्थिति-02
सेफिया कॉलेज नाला उफनकर सड़क पर आ गया। आसपास की दुकानों और क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इस पर राजनीतिक नौटंकी शुरू हो गई। महापौर आलोक शर्मा कुर्सी लगाकर यहां बैठे और जेसीबी से नालों को साफ कराने की कवायद शुरू करवाई।
स्थिति-03
कोलार सर्वधर्म सी सेक्टर में नाले पर बनाई गई स्लैब धंस गई। इस स्लैब पर रखा एक लोडिंग ऑटो भी नाले में चला गया। इसे जेसीबी बुलाकर बाहर निकालना पड़ा। नाले पर स्लैब बनाकर रास्ता निकालना अवैध है और ये बारिश के दौरान समझ में आया। यहां से भी पानी भरने की शिकायतें आई।

स्थिति-04
कटारा हिल्स में नहर के पास जलप्लावन की सूचना के बाद उपायुक्त हरीश गुप्ता, एएचओ महेश गौहर मौके पर पहुंचे। जेसीबी के जरिए अस्थायी निकासी मार्ग बनाने का प्रयास किया, जिस पर निजी भूमि स्वामियों ने विरोध शुरू कर दिया। विवाद के बाद कार्रवाई पूरी होने से पहले ही बंद करनी पड़ी।

कई स्कूलों में छुट्टी : कई निजी स्कूलों ने छुट्टी कर दी। इधर, शासकीय स्कूलों की हालत बेहद खराब रही। स्कूलों के परिसर और कक्षाओं में पानी भर गया।

बिजली गिरने से मौत : बैरागढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। बेहटा गांव निवासी जगदीश मांझी (41) बुधवार रात में बड़े तालाब में मछली पकडऩे नाव बांध रहे थे। इस दौरान वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।

दिन भर लोग होते रहे परेशान : होशंगाबाद रोड की 50 से ज्यादा कालोनियों में जलभराव हो गया। लहारपुर डैम ओवरफ्लो होने लगा। बागसेवनिया, कटारा हिल्स, बर्रई और जाटखेड़ी तक निचले इलाकों में पानी भरने लगा। होशंगाबाद रोड से फॉरेस्ट कॉलोनी होकर कटारा हिल्स तक जाने वाला मार्ग भी पुल के ऊपर तक पानी बहने की वजह से बंद रहा।