
सोनिया गांधी के अध्यक्ष पद से हटने से पहले MP से उठी आवाज-
भोपाल/ कांग्रेस वर्किंग कमेटी (Congress working committee) की बैठक से पहले जहां ये असमंजस बना हुआ है कि, अगर सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देती हैं, तो कांग्रेस की कमान किसके हाथ में होगी। इससे पहले ही कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर नेताओं के सुर मुखर होने लगे हैं। इस कशमकश के हालात में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) से कांग्रेस की कमान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हाथों में दिए जाने को लेकर आवाज उठने लगी है।
अरुण यादव बोले- 'तो बब्बर शेर की तरह करेंगे काम'
कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग उठाई है। अरुण यादव ने राहुल गांधी को अपनी जिद छोड़ कर पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। अरुण यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि, 'देश भर के करोड़ों कार्यकर्ता बब्बर शेर की तरह काम कर सकें, इसके लिए राहुल गांधी को ही अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जानी चाहिए।'
पढ़ें ये खास खबर- उफनते नाले के बीच जाली पकड़कर रात भर लटका रहा युवक, छू कर गुजर गई मौत
दिग्विजय समेत ये नेता भी राहुल की वकालत में
वहीं, दिग्विजय सिंह ने भी राहुल गांधी को ही अध्यक्ष बनाए जाने की वकालत की है। दिग्विजय के मुताबिक, राहुल को जिद छोड़ अध्यक्ष पद स्वीकार करना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता और किसी का नेतृत्व स्वीकार नहीं करेगा। ये समय कांग्रेस के एकमत होने का है। नेहरू गांधी परिवार के बिना कांग्रेस की कल्पना नहीं हो सकती। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी राहुल गांधी के पक्ष में ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'मुझे गर्व है कि मेरे नेता राहुल गांधी हैं।' कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने भी राहुल गांधी के समर्थन में ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'कार्यकर्ताओं की आस राहुल गांधी के नेतृत्व में होने की बात कही है।'
अध्यक्ष पद के लिए इन दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में
बता दें कि, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में ये बात तो साफ हो चुकी है कि, सोनिया गांधी अब अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगी, लेकिन इसके बाद कांग्रेस की कमान किसकों सौंपी जाएगी, इसे लेकर पार्टी में असमंजस बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में पार्टी में कई दिग्गज नेताओं के नाम भी सामने आ रहे हैं। इनमें मुकुल वासनिक, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम समेत कई नेता शामिल हैं। लेकिन प्रदेश कांग्रेस की मंशा है कि कांग्रेस की कमान राहुल गांधी को सौंपी जानी चाहए। अब बड़ा सवाल ये है कि, कांग्रेस वर्किंग कमेटी इसपर क्या फैसला लेती है। क्या एक बार फिर कांग्रेस की कमान गांधी परिवार के हाथों में होगी या बीजेपी के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस इस बार किसी गैरगांधी को पार्टी की जिम्मेदारी देगी।
Updated on:
24 Aug 2020 02:41 pm
Published on:
24 Aug 2020 02:41 pm
