
MP Election 2023 : कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व विधायक भाजपा में शामिल
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के मतदान में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में भाजपा और कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद दोनों ही दलों में नेताओं का विरोध देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि प्रदेशभर में नाराज नेताओं के दल बदल का दौर भी चरम पर है। इसी बीच नर्मदापुरम जिले से कांग्रेस को बड़ा झटका लगने की खबर सामने आई है। बता दें कि होशंगाबाद से कांग्रेस की पूर्व विधायक सविता दीवान ने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा की सदस्यता गृहण कर ली है।
एक दिन पहले ही पूर्व विधायक सविता दीवान ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दिया था। साथ ही सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट करते हुए उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का कारण भी बताया था। इसी कड़ी में आज भोपाल पहुंचकर सविता दीवान भाजपा में शामिल हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा कार्यालय में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है।
पत्र में बयां किया दर्द
एक दिन पहले इस्तीफा देने के बाद सविता दीवान शर्मा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को दिए इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि वो जिले की आखिरी कांग्रेस विधायक हैं, अपने राजनैतिक जीवन के 30 साल उन्होंने कांग्रेस की कार्यकर्ता रहीं। इनमें से बीते 20 वर्षो के दौरान वो प्रदेश के कई हिस्सों में संगठन के किसी न किसी पद पर रहकर पूरी ईमानदारी से कार्य करती रहीं। अनेक उप चुनावों की प्रभारी तो रही ही कई जिलों की प्रभारी भी रही। लेकिन मैंने महसूस किया कि 20 साल से सत्ता में न रहने के बाद भी प्रदेश का कार्यकर्ता जी जान से पार्टी के साथ प्रतिबद्ध रहा और इस उम्मीद में रहा कि इस बार शायद सरकार आ जाए। लेकिन जिले में पार्टी द्वारा मौजूदा विधानसभा टिकट वितरण को देखते हुए ऐसा लगता नहीं कि पार्टी को निष्ठावान कार्यकर्ताओं की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- 17 नवंबर को छुट्टी घोषित, जारी हुआ आदेश
पिता पर आरोप लगाने वाले का दुख
सविता दीवान ने आगे ये भी लिखा कि मेरे पूजनीय पिताजी विनय कुमार दीवान ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में समर्पित किया। एक ऐसे जनसेवक, जिनके राजनैतिक विरोधी भी उनकी प्रशंसा करते थे और उनकी मृत्यु के बाद भी कोई उनपर आक्षेप नहीं लगा सका। ऐसी महान विभूति पर अनर्गल आरोप लगाने वाले व्यक्ति पुष्पपाज पटेल को आपने कांग्रेस का टिकट दिया जो असहनीय है। अतः मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं।
Published on:
26 Oct 2023 08:28 pm
