
congress bjp
भोपाल. जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान चुरहट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रथ पर पथराव के मामले में कलेक्टर की रिपोर्ट में नेता-प्रतिपक्ष अजय सिंह को क्लीनचिट देने पर सियासी बवाल मच गया। गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को सागर में कहा, कलेक्टर को ऐसी रिपोर्ट बनाने और सौंपने का कोई अधिकार नहीं है। हमारे पास घटना के वीडियो और गवाह हैं। कांग्रेस ने कहा कि कलेक्टर की रिपोर्ट से सच सामने आ गया है। सीधी कलेक्टर ने अपनी रिपोर्ट को रुटीन बताते हुए अजय सिंह को क्लीनचिट देने से इनकार किया है।
मैंने नहीं दी क्लीनचिट
सीधी कलेक्टर कुमार ने घटना के दूसरे दिन सरकार को भेजी रिपोर्ट में अजय सिंह का कोई जिक्र नहीं किया। कलेक्टर ने सीधी में मीडिया से कहा, मैंने सीएम के पीएस को विवरण भेजा था। इसमें अजय का नाम नहीं लिखने का अर्थ उन्हें क्लीनचिट देना नहीं है।
कमलनाथ बोले-रिपोर्ट से सामने आया सच
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कलेक्टर की रिपोर्ट से सच ने झूठ को बेनकाब कर दिया है। भाजपा झूठ की राजनीति करती है। हर जगह झूठ परोसती है।
गवाह को धमका रहे अजय: तिवारी
सीधी में भाजपा के शरदेंदु तिवारी ने आइजी रीवा को ज्ञापन सौंपकर अजय सिंह पर आरोप लगाया कि वे पथराव के मामले में गवाह को डरा-धमका रहे हैं।
सीधी के कलेक्टर ने रिपोर्ट में किया तीन घटनाओं का जिक्र
- हमलावर अज्ञात
कलेक्टर ने रिपोर्ट में कहा है कि पटपरा के पास 6-7 अज्ञात लोगों ने काले झंडे दिखाए और मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पत्थर फेंके। पत्थर रथ के ड्राइवर के पीछे वाले गेट के कांच में लगा। कमर्जी थाने ने 9 लोगों को हिरासत में लिया।
- कांग्रेसियों का हाथ
कलेक्टर ने रिपोर्ट में कहा, कुछ दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रथ रोकने की मौखिक सूचना दी थी। पुलिस-प्रशासन अलर्ट था। जब रथ रोकने का प्रयास किया, तब पुलिस ने उन्हें समझाया भी। 22 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।
- भाजपा का हंगामा
कलेक्टर ने रिपोर्ट में बताया है कि सीधी बाजार के पूजा पार्क में सभा स्थल पर भाजपा की पट्टी लगाए 2-3 कार्यकर्ता सीएम विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया
गया है।
मैंने सीएम को विरोध में काले झंडे दिखाने को कहा था, लेकिन पथराव जैसी घटना हमारी संस्कृति नहीं है। सीएम को दो दिन पहले ही पत्र लिखकर कहा है कि वे मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप सिद्ध करें, अन्यथा मैं कोर्ट जाऊंगा।
अजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष
Published on:
13 Sept 2018 10:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
