
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, आज से शुरू हो रहा है जनजागरण अभियान
भोपाल। भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस जनजागरण अभियान शुरू कर रही है। 14 नवम्बर से शुरू हो रहे इस अभियान के दौरान कांग्रेस नेता आमजन से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस पार्टी के नेता कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों में पदयात्रा करेंगे। इसके साथ ही वे जनसंवाद सहित अन्य दूसरे कार्यक्रमों में जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेेंगे। लोगों को मोदी इकोनॉमिक्स के बारे में बताया जाएगा। जिसके तहत देशभर में महंगाई बढ़ी है। अभियान के मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही।
दिग्विजय ने कहा कि महंगाई हमारा एजेंडा है, बाद में दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी कांग्रेस नेता पदयात्रा करेंगे और वे वहीं क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम भी क्षेत्रों में ही करेंगे। दिग्विजय सिंह बताया कि अभियान के तहत वे रविवार को मण्डला में पदयात्रा करेंगे। नोटबंदी का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटबंदी के बाद भारत की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने पहले ही चेताया था की इससे दो फीसदी ग्रोथ गिरेगी।
नोटबंदी के दौरान नकली नोट भी असली हो गए। पहले देश मे 17.8 लाख करोड़ की करंसी थी, अब 11 लाख करोड़ की करंसी और आ गई है। नोटबंदी से लाखों एमएसएमई बंद हो गए। करोडों लोग बेरोजगार हो गए। तब से लगातार अर्थव्यवस्था में गिरावट आ रही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह अभियान मामू गैंग के कारनामों को उजागर करेगा। उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव के नतीजे उनके लिए चेतावनी है।
महिलाओं पर अत्याचार करो और स्टेशन का नाम रख दो कमलापति -
भोपाल में हबीबगंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कुछ नहीं होता है, लोगो को लूटो, उनकी जमीन पर कब्जा करो, महिलाओं पर अत्याचार करो और नाम स्टेशन का नाम कमलापति रख दो। इससे क्या होगा। प्रधानमंत्री मोदी की भोपाल में आयोजित रैली को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि आदिवासी उपयोजना का 13 करोड़ रुपया मोदी की रैली पर खर्च हो रहा है। यही बीजेपी का आदिवासी प्रेम है।
Published on:
14 Nov 2021 11:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
