26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रास्तों पर उफनाए नदी-नाले, भोपाल से बाहर जाने वाले मार्ग बंद, फ्लाइटें भी डॉयवर्ट

-एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हुई फ्लाइट, इंदौर और नागपुर किया डायवर्ट-भोपाल आने वाले हवाई यात्रियों को हुई परेशानी
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Astha Awasthi

•

Updated: 23 Aug 2022, 12:00 PM IST

rain_1.jpg

Flights

भोपाल। राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बीती सुबह दिल्ली से आने वाली सिर्फ इंडिगो की एक उड़ान को सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतारा गया। इसके बाद एयर इंडिया एवं इंडिगो की जितनी भी उड़ान दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद की तरफ से आने वाली थीं उन्हें कमजोर विजिबिलिटी के चलते इंदौर एवं नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। खराब मौसम के चलते एयरपोर्ट पर रनवे ठीक से नजर नहीं आ रहा था जिसके चलते पायलट को एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने उतरने की अनुमति नहीं दी।

यह हालात तब बन रहे हैं जब एयरपोर्ट पर लाखों रुपए की लागत से इंस्ट्रुमेंटल राडार लगाया गया है। दावा किया गया था कि कमजोर विजिबिलिटी में हवाई जहाज को आसानी से रनवे पर उतार लिया जाएगा। सोमवार को एयरपोर्ट पर फ्लाइट उतारने की व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरी हुई थी। एयरपोर्ट प्रबंधन के किसी भी अधिकारी ने इस मामले में सवाल पूछने पर जवाब नहीं दिया। इधर यात्रियों को भोपाल उतारने की बजाय इंदौर एवं नागपुर ले जाकर टर्मिनल में छोड़ दिया गया। जिन यात्रियों को आपात स्थिति में भोपाल अपने घर पहुंचना था उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते सड़क एवं दूसरे माध्यमों से पीड़ित यात्री भोपाल पहुंचे। देर रात तक यात्रियों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

भोपाल से बाहर जाने वाले मार्ग बंद

भोपाल से रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम , बरेली जाने वाले मार्ग पर नदी नाले उफनाने से रास्तों को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। पानी नीचे आने पर वाहनों को एक एक कर रास्तों से निकाला गया। ईटखेड़ी स्थित हलाली नदी क्षमता से अधिक बह रही है। जिससे ईटखेड़ी के पास पुल से दो फीट ऊपर पानी बह रहा है। ऐसे में बैरसिया से भोपाल पहुंच मार्ग बंद हो गया है। वहीं इसके पानी से आसपास के गांव में बाढ़ की नौबत बन गई है।

ट्रेन यातायात प्रभावित

लगातार बारिश के चलते हरदा एवं इटारसी की तरफ से आने वाली यात्री ट्रेनों को कॉशन पर चलाया गया। थर्ड रेल लाइन का काम जारी रहने की वजह से मिडघाट एवं बरखेड़ा सेक्शन में यात्री ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। सुरक्षित यातायात बनाए रखने की इस प्रक्रिया के चलते यात्री ट्रेनें 15 से 20 मिनट तक देरी से चलीं।

जाम में फंसे रहे लोग

बीते दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन के चलते ट्रैफिक पुलिस ने सुबह पूरे शहर में रास्तों को डाइवर्ट कर रखा था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मिंटो हॉल तक आने के लिए रास्ता रिजर्व रखा गया था, लेकिन खराब मौसम की वजह से दोनों मुख्यमंत्री अपने राज्य के एयरपोर्ट से ही वापस लौट गए। इधर भोपाल एयरपोर्ट से लालघाटी एवं वीआईपी रोड की तरफ पूरे मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आम यातायात बाधित कर दिया था जिसके चलते इंदौर से आने वाले वाहनों को गुजरने के लिए 1 घंटे तक मशक्कत करना पड़ी।

वायरलेस पर जब स्पष्ट मैसेज चला कि दोनों मुख्यमंत्री अब भोपाल नहीं आ रहे हैं तब लालघाटी की तरफ ट्रैफिक को खोला गया, लेकिन तब तक वीआईपी रोड पर बड़े तालाब का पानी ऊपर आ गया था। सुरक्षित यातायात के चलते वीआईपी रोड की तरफ वाहनों को एक बार फिर प्रतिबंधित कर दिया गया जिसके चलते कोहेफिजा एवं कलेक्टोरेट के सामने से वाहनों को निकालकर कमला पार्क की तरफ डायवर्ट किया गया।