
rupees
भोपाल. मध्यप्रदेश के लाखों लोगों के लिए खुशी की खबर है. प्रदेश के साढ़े तीन लाख लोगों के बैंक खातों मेें सरकार ने पूरे 875 करोड़ रुपये जमा कराए हैं. स्वयं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लोगों के खातों में यह राशि जमा कराई.
राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे हाल (मिंटो हाल) में आयोजित कार्यक्रम में सीएम की एक क्लिक में यह राशि लोगों के बैंक खातों में पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लोगों के बैंक खातों में ये राशि जमा कराई है.
शुक्रवार को तीन लाख 50 हजार हितग्राहियों के आवास के लिए स्वीकृत राशि की पहली किस्त जमा कराई गई है. यह राशि 875 करोड़ रुपये से ज्यादा है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी के साथ गरीबों का अपने घर का सपना पूरा हो रहा है.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 30 लाख 85 हजार आवासों का लक्ष्य है. इसके अंतर्गत अब तक 23 लाख सात हजार आवास बनाए भी जा चुके हैं. इसी के साथ इंदिरा आवास योजना के तहत भी वर्ष 2014 से अभी तक चार लाख 58 हजार 88 आवास बनाए जा चुके हैं.
सीएम शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि गरीबों वनवासियों के लिए आवास बनाकर देना हमारी प्राथमिकता है. प्रदेश मेें वनाधिकार आवास योजना चलाई जा रही है जिसमेें भी 46 हजार 791 बनाए हैं. मकान बनाने की एक और योजना होमस्टेड योजना के तहत प्रदेश में एक लाख 17 हजार 639 आवास बना गए हैं.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय आवास योजना के तहत 24 हजार 622 आवास बनाए हैं। आदिवासी स्पेशल प्रोजेक्ट के तहत 23 हजार 256 आवास बने हैं। मुख्यमंत्री आवास मिशन के तहत छह लाख 40 हजार 768 आवास बनाए गए हैं। सभी योजनाओं में कुल मिलाकर 35 लाख 95 हजार 579 मकान बनाए गए हैं.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस साल 4.40 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं। स्थानीय स्तरों पर भी ये कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें कई सांसद, विधायक शामिल हुए।
Updated on:
28 Jan 2022, 3:34 PM IST
Published on:
28 Jan 2022, 3:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.