
भोपाल. एक्ट्रेस श्वेता तिवारी का एक आपत्तिजनक बयान सामने आया है. एक्ट्रेस ने भोपाल में हुए एक कार्यक्रम में ब्रा से भगवान को जोड़ दिया. एक्ट्रेस का यह कमेंट सामने आते ही बवाल मच गया है. मामले में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी सक्रिय हो उठे हैं. उन्होंने कमिश्नर से मामले की रिपोर्ट तलब की है.
श्वेता तिवारी मुख्यत: टीवी की विख्यात कलाकार हैं और सलमान खान के शो बिग बॉस के सीजन 4 की विजेता भी हैं. वे फैशन से जुड़ी एक वेब सीरीज की तैयारियों और प्रमोशन को लेकर प्रोडक्शन टीम के साथ 26 जनवरी को भोपाल आई थीं.
होटल में वे मीडिया से मुखातिब हुईं तो अचानक कुछ ऐसा कह बैठीं कि हर कोई अचरज में पड़ गया. मीडिया से रूबरू होने पर उन्होंने कहा- मेरी ब्रा का साइज तो भगवान ले रहे हैंं। इंटरव्यू में बातचीत के दौरान हंसी-मजाक के बीच श्वेता तिवारी ने यह आपत्तिजनक बयान दिया। उन्होंने जैसे ही कहा कि मेरी ब्रा का साइज तो भगवान ले रहे हैं तो मंच पर मौजूद लोग हतप्रभ रह गए.
हालांकि उस समय सभी लोगों ने इसे मजाक में उड़ा दिया लेकिन इसका वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, लोगों की नाराजगी सामने आने लगी. सोशल मीडिया पर तो इस बयान पर खूब प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है. जो रिएक्शन सामने आ रहे हैं उससे श्वेता तिवारी की मुश्किलें बढ़ना तय है.
श्वेता की इस बयान पर खूब थू—थू हो रही है. मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी बयान की निंदा की है। इतना ही नहीं, उन्होंने इस मामले में भोपाल के पुलिस कमिश्नर को 24 घंटे में जांच कर रिपोर्ट देने को भी कहा है। एक्ट्रेस श्वेता पहले से विवादित रहीं हैं. पर्सनल लाइफ को लेकर वे खासी चर्चा में रही हैंं।
श्वेता दो शादियां कर चुकी हैं और दोनों असफल रहीं. पहली शादी राजा चौधरी से की और उनसे तलाक के बाद श्वेता ने दूसरी शादी एक्टर अभिनव कोहली से की। फिलहाल वे पति अभिनव से भी अलग रह रही हैं। उनकी एक बेटी भी है जो अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी फोटो पोस्ट करती हैं.
शादीशुदा लाइफ में काफी मुश्किल भरे दौर का सामना करने के बाद भी उनका कैरियर अच्छा चलता रहा है. वे कई चर्चित शो में काम कर चुकी हैं. श्वेता तिवारी ने बिग बॉस सीजन 4 में भी हिस्सा लिया था और इसमें डॉली बिंद्रा और महाबली खली को पछाड़ते हुए वे विनर बनीं थीं. एक करोड़ के ईनाम वाली इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद वे और ख्यात हो गई थीं.
Updated on:
27 Jan 2022, 2:56 PM IST
Published on:
27 Jan 2022, 12:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.