
भगवा रंग में रंगे कमलनाथ, राम मंदिर भूमि पूजन से पहले घर में राम दरबार सजाकर कराया हनुमान चालीसा का पाठ
भोपाल/ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ (Kamal Nath) मंगलवार को भगवा रंग में रंगे नजर आए। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कल होने जा रहे भूमि पूजन से ठीक एक दिन पहले उन्होंने अपने सरकारी आवास में राम दरबार सजा लिया है। यहां हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) का पाठ किया जा रहा है।कमलनाथ के आवास पर हो रहे इस कार्यक्रम में परिवार और पार्टी के चुनिंदा लोगों को शामिल किया गया है। इससे पहले कमलनाथ ने अपने ट्विटर और फेसबुक प्रोफाइल पर भगवा वस्त्रों में फोटो लगाया, जिसकी भी खासा चर्चाएं हो रही हैं।
आज शाम तक हर कांग्रेसी के घर में होगा हनुमान चालीसा का पाठ
पीसीसी चीफ कमलनाथ न सिर्फ खुद अपने घर पर हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े-छोटे नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी 4 अगस्त की शाम तक अपने घर में हनुमान चालीसा का पाठ करने की सलाह दी। साथ ही, नाथ ने ये भी कहा कि इस दौरान प्रदेश के विकास और कोरोना से मुक्ति की कामना करें।
कमलनाथ के हनुमान चालीसा के पाठ को कांग्रेस ने अब अयोध्या में होने वाले राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम का जवाब बना लिया है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी के हर कार्यकर्ता को हनुमान चालीसा का पाठ करने की सलाह दे रही है।
भगवा हुए कमलनाथ
यही नहीं, राम मंदिर भूमिपूजन से पहले कमलनाथ ने भगवा भी धारण कर लिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर नई तस्वीर लगाई है। इस तस्वीर में वो भगवा वस्त्रों में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने प्रोफाइल फोटो को भी बदल दिया है। कमलनाथ के घर आज प्रदेश की समृद्धि और कल्याण के लिए हनुमान चालीसा पाठ किया गया। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को ट्वीट जारी करते हुए कहा था कि, 'प्रिय प्रदेश वासियों, मैं आप सभी की उन्नति एवं खुशहाली के लिए कल सुबह 11 बजे 'हनुमान चालीसा' का पाठ करूंगा मेरा निवेदन है कि, आप सब भी अपने अपने घर या नज़दीकी मंदिर जाकर प्रभु हनुमान जी की पूजा करें और मध्य प्रदेश की खुशहाली की कामना करें.. 'राम लक्ष्मण जानकी, जय बोलो हनुमान की'।
उपचुनाव से पहले सॉफ्ट हिंदुत्व पर डटे
इससे पहले कमलनाथ अयोध्या में बनने जा रहे राम मंदिर का स्वागत कर चुके हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर ये कहा था कि, राम मंदिर का निर्माण संपूर्ण भारतवासी की इच्छा से हो रहा है। ऐसा सिर्फ भारत में ही संभव है। हालांकि, कमलनाथ का ये बयान कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व पर डटे रहने की ओर इशारा करता है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत भी उन्होंने महाकाल के दरबार से की थी। अब फिर प्रदेश में 27 सीटों पर उपचुनाव हैं। उससे पहले राम मंदिर निर्माण का स्वागत करके उन्होंने पार्टी का संदेश जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
MP Congress ने भी कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा कराए गए हनुमान चालीसा पाठ की जानकारी दी
Updated on:
04 Aug 2020 04:18 pm
Published on:
04 Aug 2020 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
