
Lok Sabha Election 2024 : 18 सालों तक एमपी के मुखिया रहे शिवराजसिंह चौहान पिछले 5 माह से केवल विधायक ही हैं। इस दौरान सीएम का पद चला गया, आय भी कम हो गई पर संपत्ति में बढ़ोत्तरी हो गई है। विदिशा संसदीय सीट से नामांकन भरते समय दिए गए हलफनामे के अनुसार शिवराज सिंह चौहान कुल 3 करोड़ 42 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास कोई कार नहीं है लेकिन कोई कर्ज या देनदारी भी नहीं है।
शुक्रवार को रायसेन में नामांकन प्रस्तुत करते समय विदिशा रायसेन संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी शिवराज सिंंह चौहान ने अपनी संपत्ति Shivraj Singh Chauhan Property का ब्यौरा दिया। इसके अनुसार अक्टूबर 2023 की तुलना में उनकी 21 लाख रुपए की संपत्ति बढ़ गई है।
हलफनामे में शिवराजसिंह चौहान की कुल चल–अचल संपत्ति 3 करोड़ 42 लाख रुपए बताई गई। 30 अक्टूबर 2023 को विधानसभा चुनाव में दिए गए हलफनामे में उन्होंने 3 करोड़ 21 लाख रुपए की संपत्ति बताई थी। शिवराज के पास 1 करोड़ 24 लाख रुपए की चल संपत्ति है और वे 2 करोड़ 17 लाख रुपए की अचल संपत्ति के भी मालिक हैं। उनके पास 96 तोला सोने के जेवर भी हैं।
हालांकि शपथ पत्र के अनुसार 2021–22 की तुलना में 2022– 23 में उनकी आय में 2 लाख रुपए की कमी आई। शिवराज सिंह के पास कार नहीं है लेकिन उनके पास एक रिवाल्वर है।
लोकसभा चुनाव के लिए दी गई संपत्ति की जानकारी के अनुसार शिवराज सिंंह चौहान की पत्नी साधना सिंह के पास 1 करोड़ 17 लाख रुपए की चल संपत्ति और 4 करोड़ 39 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। शिवराजसिंह पर जहां कोई कर्ज नहीं है वहीं उनकी पत्नी पर 64 लाख रुपए का कर्ज है। साधना सिंह के पास एक एंबेसडर कार है। उनके पास 535 ग्राम सोने के जेवर भी हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के समय शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन फार्म जमा किया था। उस समय दिए गए शपथ पत्र में शिवराजसिंह चौहान ने सन 2022-23 में 32 लाख रुपए की आय दर्शाई थी। तब उनके पास 1 लाख 10 हजार रुपए नकद थे जबकि उनकी पत्नी साधना सिंह के पास भी 1 लाख 15 हजार रुपए थे।
शिवराज सिंह चौहान के पास 96 ग्राम सोने के जेवर थे जिनकी कीमत 6 लाख रुपए थी। पत्नी साधना सिंह के पास 535 ग्राम सोने के जेवर थे जिनकी कीमत 34 लाख रुपए थी।
Updated on:
25 Apr 2024 11:32 am
Published on:
19 Apr 2024 08:19 pm
