
makeup artist instagram lehenga scam 1 lakh 22 thousand fraud, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Gemini)
Bhopal Instagram Lehenga Scam: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एक मेकअप आर्टिस्ट को इंस्टाग्राम पर 2600 रुपए का लहंगा बुक करना महंगा पड़ गया। टीटी नगर निवासी 31 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट ने इंस्टाग्राम पर 2600 रुपये का लहंगा देखकर लिंक के जरिए उसे बुक किया था, इसके बाद साइबर ठगों ने पार्सल अटकने और रिफंड दिलाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 1.22 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। ठगी होने के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत की है। पुलिस ने ईजीरो एफआईआर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित शशांक वर्मा टीटी नगर स्टेडियम स्थित बीएलसीसी में मेकअप आर्टिस्ट का काम करने के साथ पढ़ाई भी करता है। उसने 3 सितंबर को इंस्टाग्राम के जरिए 2600 रुपए में लहंगा बुक किया था। इसके बाद उसे मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। 7 सितंबर को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आया। कॉल करने वालों ने खुद को डिलीवरी से जुड़ा बताया और कहा कि पार्सल अटक गया है। उसे आगे भेजने के लिए 1999 रुपए जमा करने होंगे। शशांक ने बताए गए यूपीआइ नंबर पर रकम भेज दी। इसके बाद डिलीवरी बॉय बनकर बात करने वाले ने 1900 और 99 रुपए अलग-अलग भेजने को कहा। ये रकम भी ट्रांसफर करा ली। ठगों ने रिफंड का झांसा दिया। पहले 5160 रुपए, फिर नेटवर्क की समस्या बताकर 14 317 ट्रांसफर करा लिए।
जालसाज ने जल्द पैसे वापस मिलने का भरोसा देकर 28,300 रुपए और भेजने को कहा। अगले दिन युवक ने रकम वापस मांगी तो ठगों ने 20 हजार रुपए और भेजने का दबाव बनाया। पैसे नहीं होने पर उसके भाई के यूपीआइ खाते से भी 20 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। परिजनों को जब घटना की जानकारी दी तो उन्होंने ठगी होने की बात कहीं। शक होने पर साइबर थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी गौरव दोहरे ने बताया कि लेन-देन वाले खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर ठगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Updated on:
12 Sept 2026 07:23 pm
Published on:
12 Sept 2026 07:23 pm
