शिवनारायण साहू @ भोपाल। प्रदेश में बारिश के सैलाब ने रेलगाड़ी की रफ्तार को थाम दिया है। शुक्रवार/शनिवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने भोपाल रेल मंडल के 15 जिलों में लगभग 400 किमी लंबे ट्रैक को बर्बाद कर दिया है। जगह-जगह जलभराव के कारण ट्रैक के नीचे से मिट्टी और गिट्टी बह गई है। अलग-अलग स्थानों पर मिलाकर कुल 15 किमी ट्रैक ढीला होने के कारण ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला जा रहा है। इसी कारण पिछले तीन दिन से भोपाल मंडल में तमाम ट्रेन 12 से 15 घंटे तक देरी से चल रही हैं। भोपाल रेल मंडल के 15 जिलों यानी खंडवा, हरदा, होशंगाबाद, रायसेन, सीहोर, भोपाल, विदिशा, सागर, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, ब्यावरा, राजगढ़, शाजापुर और अशोकनगर में फैले रेल ट्रैक की कुल लंबाई 1019 किमी है। अप और डाउन ट्रैक को मिलाया जाए तो ट्रैक की लंबाई लगभग 1944 किमी है।