
एमपी पुलिस को थी तलाश, आसाराम के कट्टर भक्त तामराज को सूरत पुलिस ने किया गिरफ्तार
आसाराम और उसके बेटे नारायण साईं का कट्टर अनुयायी तामराज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 10 साल से फरार चल रहा ताम्रध्वज उर्फ तामराज आसाराम के खिलाफ आवाज उठाने वाले कई लोगों की हत्या करने के साथ ही जानलेवा हमलों को लेकर मध्य प्रदेश समेत 6 राज्यों में वॉन्टेड था। एमपी में तामराज ने छिंदवाड़ा के दंपति पर फायरिंग की थी। यही नहीं हरियाणा सरकार ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी रखा था।
बता दें कि तामराज ने जेल में बंद आसाराम और उसके बेटे नारायण सांईं से मिलने की कई बार कोशिश की थी। लेकिन हर बार उसे नाकामी ही हाथ लगी। वह आसाराम और उसके बेटे नारायण सांईं के खिलाफ आवाज उठाने वाले हर शख्स को निशाना बना लेता था।
देशभर में आसाराम और नारायण साईं के खिलाफ दर्ज बलात्कार और मारपीट के मामलों में गवाहों पर एसिड फेंकने, जानलेवा हमला करने और हत्या करने के मामले में शामिल ताम्रध्वज उर्फ तामराज उर्फ राज उर्फ स्टीफन (37) को सूरत शहर की क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बड़भूम गांव का रहने वाला है।
बता दें कि गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों की पुलिस तामराज की तलाश कर रही थी। लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए धर्म परिवर्तन कर लिया था। वह स्टीफन के नाम से नोएडा में एक मिशनरी में रह रहा था। यही कारण था कि पुलिस की गिरफ्त से वह अब तक दूर था।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित आसाराम आश्रम के होस्टल वार्डन रह चुके ओमप्रकाश प्रजापति तथा उनकी पत्नी सीमा प्रजापति पर भी होशंगाबाद में 9 राउंड फायरिंग की थी।
Updated on:
6 Mar 2025, 1:16 PM IST
Published on:
6 Mar 2025, 1:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.