30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लिफ्ट खराब थी, राज्यपाल को सीढिय़ों से जाना पड़ा

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लापरवाही, दिए जांच के आदेश, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई  
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Rohit Prasad Verma

•

Updated: 10 Jul 2021, 1:44 AM IST

लिफ्ट खराब थी, राज्यपाल को सीढिय़ों से जाना पड़ा

लिफ्ट खराब थी, राज्यपाल को सीढिय़ों से जाना पड़ा

भोपाल. राज्यपाल मंगूभाई पटेल के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। राजभवन के जिस सभागृह में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ, वहां की लिफ्ट खराब थी। उसे दुरुस्त करने भरसक प्रयास हुए, पर सफल नहीं हुए। आखिरकार 77 वर्षीय राज्यपाल को पैदल सीढिय़ों से ही ऑडिटोरियम के मंच तक जाना पड़ा। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात भी हो रही है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित राज्य सरकार के मंत्री तथा अन्य वीवीआइपी शामिल हुए थे।

राजभवन का सभागृह अधिक ऊंचाई पर है। यहां आमजन के लिए तो सीढिय़ां हैं, पर वीवीआइपी और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था है। अफसर मानकर चल रहे थे कि सब दुरुस्त है, जब व्यवस्थाओं को जांचा तो लिफ्ट बंद होने के साथ एसी भी खराब होने की बात सामने आई। आनन-फानन में दुरुस्त करने की कोशिश हुई पर सफलता नहीं मिली। राजभवन ने इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई और ईएनसी (इंजीनियर-इन-चीफ) अखिलेश अग्रवाल को दी। इंजीनियर यहां के एसी को दुरुस्त करने में सफल हो गए, पर लिफ्ट चालू नहीं हो सकी। इससे अफसरों के हाथ पांव फूल गए। आखिरकार राज्यपाल मंगूभाई पटेल को लिफ्ट खराब होने की सूचना दी गई। उन्हें बताया गया कि सभागृह तक पहुंचने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कोई बात नहीं और वे सीढिय़ों से ऑडिटोरियम के मंच पहुंचे।

दो साल पहले बना है सभागृह
राजभवन का सांदीपनि सभागृह का निर्माण दो साल पहले हुआ था। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सभागृह में बैठक व्यवस्था के साथ लिफ्ट इत्यादि है। राजभवन के बड़े कार्यक्रम इसी सभागृह में होते हैं।

एसी ने भी साथ छोड़ा

कार्यक्रम के पहले एसी तो चालू हुआ, पर इसकी कूलिंग सहीं नहीं रही। यहां कम उपस्थिति के कारण कूलिंग की समस्या ज्यादा नहीं हुई और लापरवाही पर पर्दा पड़ा रहा।

लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जा रही है।
अखिलेश अग्रवाल, ईएनसी पीडब्ल्यूडी

कमलनाथ ने राज्यपाल से की भेंट, कहा प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को प्रदेश की स्थिति से अवगत कराया और कहा, मध्यप्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं है। एससी, एसटी वर्ग के लोग सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में इतनी घटनाएं हुई हैं, जितनी देश के इतिहास में नहीं हुईं। आपको ट्राइबल क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव है, समाजसेवा का कार्य किया है, आपकी प्राथमिकता व प्रयास है कि यह वर्ग सुरक्षित रहे। कमलनाथ ने कहा, प्रदेश में किसान, व्यापारी, नौजवान सभी परेशान हैं।

बेरोजगारी बढ़ रही है, अर्थव्यवस्था चौपट है, आर्थिक गतिविधि समाप्त हो चुकी हैं। ओबीसी आरक्षण को लेकर कहा, इस वर्ग को लेकर हमने कदम उठाया था, जो नीति बनाई थी, उसे शिवराज सरकार लागू करे। सिंधिया को मोदी कैबिनेट में जगह मिलने के सवाल पर मीडिया से कहा, यह भाजपा और सिंधिया के बीच का फैसला है। अब देखते हैं आगे गाड़ी कैसे चलती है। 2023 में सरकार बनाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, मुझे मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है। प्रदेश की जनता सबसे पहले सच्चाई का साथ देगी।