
भोपाल. भोपाल की सड़कों पर बाइक सवारों के स्टंटबाजी करते कई वीडियो सामने आते रहे हैं लेकिन इस बार शहर की वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी का जो वीडियो सामने आया है वो जरा हैरान कर देने वाला है। हैरानी की वजह ऑटो से स्टंटबाजी किया जाना है। तीन पहिया ऑटो को ऑटो चालक स्टंटबाजी करते हुए दो पहियों पर तिरछा कर तेज रफ्तार में वीआईपी रोड पर दौड़ाते नजर आ रहे हैं। जब लोगों ने फिल्मों की तरह शहर की सड़क पर दो पहियों पर ऑटो को दौड़ते देखा तो वो भी हैरान रह गए। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ ही पुलिस तक भी पहुंच चुका है और पुलिस ट्रैफिक रूल्स के तहत कार्रवाई करने की बात कहते हुए दोनों ऑटो चालकों की तलाश में जुट गई है।
VIP ROAD पर ऑटो चालकों की स्टंटबाजी
भोपाल में स्टंट बाज ऑटो चालक खुद की जिंदगी के साथ लोगों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे दो ई-ऑटो के वीडियो पर अब पुलिस ने भी संज्ञान ले लिया है। भोपाली जय-वीरू के नाम से ई-ऑटो रिक्शा चालकों की स्टंटबाजी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वायरल वीडियो में दोनों ऑटो चालक तीन पहिया ऑटो को तिरछा कर दो पहियों पर रोड पर दौड़ाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान रोड से दूसरे वाहन भी गुजर रहे हैं ऐसे में अगर दोनों में से किसी भी ऑटो का बैलेंस बिगड़ता तो ऑटो चालक के साथ साथ ही दूसरे वाहन सवारों की जान को भी खतरा हो सकता था।
देखें वीडियो-
पुलिस ऑटो चालकों की तलाश में जुटी
ट्रैफिक पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आटो बैटरी वाले हैं। जिनमें दोनों चालक स्टंट की जुगलबंदी दिखाते हुए आटो को एक ओर झुकाते हुए तीन के बजाय दो पहियो पर दौड़ा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि दोनों ऑटो चालकों ने खुद ही अपने किसी साथी से वीडियो रिकार्ड कराया है। वायरल वीडियो के आधार पर ऑटो चालकों की पहचान करने की कोशिश पुलिस कर रही है और पहचान होने के बाद ऑटो चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात भी पुलिस के द्वारा कही गई है।
देखें वीडियो-
Published on:
29 Oct 2022, 7:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.