
मौसम विभाग अलर्ट: स्कूलों में हुई 2 दिन की छूट्टी, अब इस बात का है गंभीर खतरा!
भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से वापस लौटी ठंड ने कहर ढहाना शुरू कर दिया है। जिसके चलते प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में अस्पतालों में मौसमी मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है।
दरअसल उत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में भी खासा देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं, तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
ऐसे में अब मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के कई शहरों में पाला गिरने की चेतवानी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, चंबल, सागर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मिजाज अगले कुछ ओर दिनों तक ऐसा ही बना रहने की संभावना है। यानि आगामी कुछ दिनों में ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
इसके अलावा किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके इसलिए अभी से अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही राजधानी भोपाल सहित नौगांव, बैतूल, राजगढ़, खंडवा, रतलाम व उज्जैन में भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग से रिटायर्ड हुए एसके मिश्रा का कहना है कि सामने आ रही जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर, उज्जैन, व इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की आशंका है।
किसानों के लिए अलग से चेतावनी...
प्रदेश के किसानों के लिए खासतौर से अलर्ट जारी किया गया है। जिसके अनुसार पारे में गिरावट के साथ ही पाला भी पड़ने की संभावना है।
इस संबंध में मिश्रा का कहना है कि जैसा मौसम का हाल बना हुआ है, और ये जिस स्तर पर जाता दिख रहा है, उससे फसल प्रभावित हो सकती है।
वहीं राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई और तापमान लुढ़ककर 6.4 डिग्री पर आ गया है। इसके अलावा बैतूल, दतिया, गुना, धार, ग्वालियर, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, दमोह, खजुराहो, नौगांव, सागर और टीकमगढ़ में पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
स्कूलों में छुट्टी...
ग्वालियर-चंबल, सागर, उज्जैन और इंदौर संभाग के जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी के बीच इंदौर और रतलाम कलेक्टर ने शीतलहर की वजह से स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है। इंदौर में आठवीं तक के बच्चों की छुट्टी रहेगी। उज्जैन में भी आठवीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं शाजापुर में भी अवकाश की घोषणा कर दी गई है।
इसके अलावा भोपाल में तापमान में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए 2 दिन तक की छूट्टी 5वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से घोषित कर दी गई है।
ये रहेगा आगामी दिनों में मौसम का हाल!...
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को न्यूतम तापमान 6.4 डिग्री व अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 29 जनवरी को सुबह का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया है।
आगामी दिनों के संबंध में जानकारों का कहना है कि तापमान में थोड़ी बहुत यानि आधे से एक डिग्री तक की बढ़ौतरी संभव है। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान में भी सोमवार की अपेक्षा गिरावट रह सकती है।
मौसम का पूर्वानुमान...
30 जनवरी 2019 को न्यूनतम तापमान करीब 6.0 डिग्री व अधिकतम करीब 20.0 डिग्री तक जाने का अनुमान है। वहीं इस दौरान कोहरा भी बना रहेगा।
जबकि 31 जनवरी व 1 फरवरी को न्यूनतम तापमान तकरीबन एक समान रहेगा लेकिन अधिकतम तापमान 1 फरवरी को करीब आधा या 1 डिग्री बढ़ सकता है। वहीं 2 व 3 फरवरी को तापमान में कुछ ओर बढ़ौतरी की संभावना है। वहीं 4 फरवरी तक न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री व अधिकतम तकरीबन 23 डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन हर दिन कोहरे का असर बरकरार रहेगा।
Published on:
29 Jan 2019 12:32 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
