
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और ट्रफ के असर से 4 दिन भारी बारिश (फोटो सोर्स: Patrika)
MP Weather Update :मध्य प्रदेश के लगभग आधे हिस्से पर इन दिनों मानसूनी तेज बारिश सक्रिय है, जबकि करीब आधे राज्य पर मध्यम से हल्की बारिश का दौर जारी है। वहीं, राजधानी भोपाल में स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव के चलते बारिश का दौर आगामी चार दिन जारी रहेगा। इस दौरान सूबे के जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के अधिकतर जिलों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी हिस्से से शुरू हुआ बारिश का ये दौर आगामी दिनों में पश्चिमी राज्य की तरफ बढ़ेगा।
अब तक प्रदेश में औसतन 27.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य मानसूनी बारिश का करीब 74 फीसद है। अगस्त महीने में हुई अच्छी बारिश के साथ करीब 12 इंच पानी गिरा है। अब सितंबर में करीब 9.6 इंच बारिश होने की संभावना है। इसके बाद ये प्रदेश की सामान्य बारिश के 37.3 इंच के आंकड़े को पार कर सकेगा। मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को सूबे के उमरिया और बालाघाट जिले में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत प्रदेश में कही तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 1 और 2 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश का दौर रहेगा। इसके बाद सिस्टम पश्चिम की ओर बढ़ेगा। 3 सितंबर को भोपाल और ग्वालियर संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 4 सितंबर को उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 702.9 मिमी यानी 27.7 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। ये सामान्य बारिश के 782.6 मिमी यानी 30.8 इंच के मुकाबले करीब 3.1 इंच कम है। प्रदेश में ओवरऑल बारिश सामान्य से करीब 10 फीसद कम है। इसके अलावा पूर्वी राज्य में अबतक सामान्य से करीब 5 फीसद और पश्चिमी हिस्से में करीब 15 फीसद कम बारिश हुई है। प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य से 2 से 57 फीसद तक बारिश कम रिकॉर्ड की गई है।
Updated on:
01 Sept 2026 10:39 am
Published on:
01 Sept 2026 10:39 am
