
अजब-गजब, ग्राहकों के खाते में अज्ञात स्त्रोत से आए लाखों, निकालने की भीड़ लगी
भुवनेश्वर. ओडिशा ग्राम्य बैंक क ी केन्द्रपाड़ा शाखा के कई ग्राहकों के खाते में तीस हजार से लेकर दो लाख रूपए तक की राशि अज्ञात स्त्रोत से डाली गई। छप्पर फाड़ कर मिली राशि निकालने के लिए ग्राहकों की बैंक की शाखा में कतार लग गई। मामले का पता चलने के बाद बैंक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निकासी पर प्रतिबंध लगा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक पता नहीं चल पाया है कि किस स्त्रोत से खातों में पैसा क्रेडिट हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक अब तक हुई जांच में सामने आया है कि ४० ग्राहकों के खाते में तीस हजार से लेकर दो लाख तक की राशि जमा हुई है। ज्यादातर खातों में एक-एक लाख रूपए की राशि क्रेडिट हुई है। इधर, बैंक खातों में राशि क्रेडिट होने का एसएमएस पाकर खाताधारक बैंक पहुंच गए। निकासी के लिए कतार लगने लगी। वहीं अन्य खाताधारक भी अपने खातों की जांच कराने के लिए बैंक पहुंचने लगे। केन्द्रपाड़ा ग्रामीण बैंक के एक कर्मचारी के मुताबिक कई लोगों ने खातों से पैसे भी निकाले। इधर, असामान्य घटना की भनक लगने पर संदेह होने से बैंक ने निकासी पर रोक लगा दी।
--------
पहले भी चर्चा में रहा है बैंक
गत फरवरी में ओडिशा ग्रामीण बैंक के एक कर्मचारी को 1.15 करोड़ रुपये के सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा ने भुवनेश्वर में गिरफ्तार किया था। आरोपी बंसीधर माझी ने बैंक की पहंगा और बिनीशौर शाखाओं में कैशियर के रूप में काम कर चुका था।
------------
राज्य भर में नेटवर्क है
ओडिशा ग्राम्य बैंक का स्वामित्व भारत सरकार, ओडिशा राज्य सरकार और इंडियन ओवरसीज बैंक के पास संयुक्त रूप से है। यह केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आता है। राज्य भर में बैंक की 549 शाखाएं हैं।
बैंक 155 एटीएम का नेटवर्क संचालित करता है और बैंक के कर्मचारियों की संख्या २,340 है। बैंक के ग्राहकों की संख्या लगभग 55 लाख है।
Published on:
9 Sep 2023, 10:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.