
मोबाइल छिनैती में नाकाम रहने पर 4 नाबालिगों ने की मसाला व्यापारी की हत्या (AI Image)
Odisha Crime News: ओडिशा के क्योंझर (Keonjhar) जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां जोडा कस्बे के एक 58 वर्षीय मसाला व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि आरोपी व्यापारी का मोबाइल फोन लूटना चाहते थे, लेकिन जब उनके पास मोबाइल नहीं मिला तो पकड़े जाने के डर से हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, राजनंदन चौधरी (58) जोडा कस्बे में मसाला कारोबार करते थे। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने कुंदुरुनाला (Kundurunala) के पास सोना नदी (Sona River) पर बने पुल के नीचे उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
शुरुआत में पुलिस ने मामले को दुर्घटना या आत्महत्या की आशंका मानते हुए अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, पुलिस को जब स्थानीय लड़कों की संदिग्ध गतिविधियों और इस घटना में उनकी संलिप्तता के बारे में पुख्ता जानकारी मिली, तो मामले की दिशा बदल गई। फिर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।
जांच में पुलिस को पता चला कि चारों नाबालिग राजनंदन चौधरी का मोबाइल फोन छीनने के इरादे से उनके पीछे-पीछे गए थे। आरोपियों ने उन पर हमला किया, लेकिन जब उन्हें पता चला कि व्यापारी के पास मोबाइल फोन नहीं है तो उन्हें डर हुआ कि उनकी पहचान हो जाएगी। फिर पकड़े जाने से बचने के लिए कथित तौर पर चारों लड़कों ने व्यापारी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (Juvenile Justice Board) के समक्ष पेश किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। उधर, इस जघन्य वारदात के बाद से ही इलाके के लोग और व्यापारी काफी आक्रोश में हैं।
Updated on:
03 Aug 2026 12:06 pm
Published on:
03 Aug 2026 12:00 pm
